आपदा को अवसर मान संवेदनहीन राजनीति कर रही कांग्रेस : मानवीर चौहान

20HREG288 आपदा को अवसर मान संवेदनहीन राजनीति कर रही कांग्रेस : मानवीर चौहान

देहरादून, 20 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चमोली हादसे को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को संवेदनहीन करार दिया है। भाजपा ने कहा कि यह समय आपदा को अवसर के रूप में देखना का नहीं, पीड़ितों के आंसू पोंछने का है।

प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि चमोली में करंट से हुई मौतों से प्रदेश में आज गम का माहौल है। इस समय पीड़ित परिजनों के आंसू पोंछने का समय है और लोग इसमें लगे भी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मौके पर परिजनों से मिलने गए और हर संभव मदद का भरोसा दिया है। मामले की जांच के आदेश दिये गए हैं और एक सप्ताह में रिपोर्ट भी आयेगी। मृतक आश्रितों को 5 लाख और तत्काल एक लाख देने के निर्देश सीएम ने दिये हैं। घायलों के लिए बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं। मामले की न्यायिक जांच की घोषणा की गई है ताकि हादसे के पीछे सच्चाई सामने आ सके।

चौहान ने कहा कि दुख की इस घड़ी में कई परिवारों के चूल्हे ठंडे हैं और कांग्रेस अपने राजनैतिक चूल्हे की आग भड़का रही है। अब तक तत्काल तौर पर जो भी कदम सरकार ने उठाये हैं वह संतोषजनक हैं और कांग्रेस नेताओं को धैर्य रखने की जरूरत है। बेहतर होगा कि कांग्रेस नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ प्रभावित लोगों के बीच उनका दुखदर्द बांटने की कोशिश करते नजर आते। कोरोना से लेकर वर्तमान आपदा की दुखद घटना तक कांग्रेस का यही रवैया रहा है।