12HREG45 जबलपुर: हाइवे पर हवाई फायर करने वाला हेडमास्टर बोला- अजय विश्नोई का छोटा भाई हूं
जबलपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने जबलपुर-नागपुर हाईवे पर हवाई फायरिंग करने वाले भाजपा नेता और स्कूल में हेडमास्टर मुकेश दुबे तथा उनके दो साथियों को मंगलवार रात हिरासत में ले लिया। अजय दुबे को जब पुलिस चौकी लाया गया, तो वो बोला कि अजय विश्नोई को फोन लगा लो, मैं उनका सगा भाई हूं। गौरतलब है कि हेडमास्टर ने रविवार को हाईवे पर हवाई फायर किए थे, जिसका वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ था।
मुकेश दुबे अपने दो साथियों के साथ रविवार को हाईवे पर अंधमूक बायपास पर खड़े होकर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हवाई फायरिंग कर रहे थे। पुलिस ने उनके अलावा सत्यम चक्रवर्ती और एक चौबे नाम के व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है। भाजपा नेता की स्कॉर्पियो और पिस्टल भी जब्त की है। आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है।
पूर्व मंत्री और पाटन विधायक अजय विश्नोई को अपना बड़ा भाई बताने वाले मुकेश दुबे भाजपा नेता के साथ सरकारी टीचर भी हैं। वे पाटन विधानसभा अंतर्गत आने वाले शासकीय माध्यमिक स्कूल भीटा में 2002 से हेडमास्टर हैं। एक ग्रामीण ने बताया कि वे कभी – कभार ही स्कूल आते हैं। इसकी सीएम हेल्पलाइन में शिकायत भी की, लेकिन बाद में शिकायत बंद करवा दी गई। इधर, इस मामले में पाटन विधायक अजय विश्नोई का कहना है कि मुकेश दुबे हमारे कार्यकर्ता हैं। वह हमारा करीबी है और निश्चित रूप से नाम लिया होगा। हमारी टीम का मेंबर है, पर अगर गलती की है तो सजा मिलेगी, कानून सभी के लिए है।