आंध्रप्रदेश से बिहार जा रहे पपीता लदे ट्रक में लगी आग, चालक व खलासी ने कूदकर बचाई जान

16HREG363 आंध्रप्रदेश से बिहार जा रहे पपीता लदे ट्रक में लगी आग, चालक व खलासी ने कूदकर बचाई जान

– मीरजापुर-रींवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन ठप

– फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर पाया काबू, शार्टसर्किट से लगी थी आग

मीरजापुर, 16 जुलाई (हि.स.)। मीरजापुर-रींवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ड्रमंडगंज घाटी में रविवार को आंध्र प्रदेश के कुर्नूल से पपीता लादकर बिहार के छपरा जा रहे ट्रक में शार्टसर्किट से अचानक आग लग गई। ट्रक से आग की लपटें उठतीं देख चालक व खलासी नीचे कूद पड़े, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया और घायलों को उपचार के लिए एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज भेजा, जहां चिकित्सकों ने मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।

बरेली के सीजगढ़ निवासी चालक मजहर अली व खलासी वसीम आंध्र प्रदेश से पपीता लादकर बिहार जा रहे थे। ड्रमंडगंज घाटी के बरम बाबा मंदिर के पास पहुंचते ही शार्टसर्किट से ट्रक में आग लग गई। ऐसे में चालक व खलासी चलते ट्रक से कूद गए। वहीं ट्रक आगे चल रही ट्रेलर में पीछे से टकराकर रूक गई। वहीं चालक दौड़कर ट्रक के पास पहुंचा और उसे बंद कर पुलिस को सूचना दी। ट्रक में अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन ठप रहा। ड्रमंडगंज थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बिना देरी किए फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया और आग पर काबू पाया। साथ ही घटना की जानकारी ट्रक मालिक सहित चालक व खलासी के परिवार को दी।