वृक्ष के बिना पृथ्वी पर जीवन की संकल्पना असंभव : प्रान्त प्रचारक

03HREG43 वृक्ष के बिना पृथ्वी पर जीवन की संकल्पना असंभव : प्रान्त प्रचारक

बहराइच, 03 जुलाई (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) बहराइच के तत्वावधान में ‘एक पेड़ देश के नाम’ अभियान का शुभारंभ हुआ। अवध प्रान्त के प्रांत प्रचारक कौशल ने नगर के वन सरिता रिस्टार्ट में औषधीय आंवला के पौध का पौधरोपण कर शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत प्रचारक कौशल ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन के अभिन्न अंग है। इसके बिना पृथ्वी पर जीवन की संकल्पना नहीं कर सकते हैं। इसलिए हमें जुलाई से लेकर अगस्त माह तक वृहद वृक्षारोपण करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में हम लोग व्यवसायिक पौध अधिक संख्या में रोपित करते हैं, लेकिन अधिक आक्सीजन पैदा करने वाले पीपल, पाकड़ व बरगद के पौधों को हम रोपित नहीं करते। इसलिए पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है और धरती का तापमान बढ़ रहा है।

जिला पर्यावरण संयोजक डॉ देवेन्द्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि ‘एक पेड़ देश के नाम’ का यह अभियान आज से लेकर जनवरी 2024 तक लगातार चलेगा। इस समय संगठन के पदाधिकारी स्वयं बीजारोपण करके जनपद के प्रत्येक खंड में पौध रोपित करेंगे । पौधरोपण के समय पर्यावरण पर बनी रंगोली लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम को जिला संघचालक कृष्णानंद शुक्ला, नगर संघचालक डॉ गोविंद शेखर, प्रांत सामाजिक समरसता संयोजक राजकिशोर समेत अन्य लोगों ने भी विचार व्यक्त किया। इस मौके पर विभाग प्रचारक डॉ अवधेश, जिला प्रचारक अजय कुमार, जिला कार्यवाह भूपेंद्र समेत कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।