बदरीनाथ के विधायक ने प्रधानमंत्री से किया आग्रह, बंद हो हेलंग-मारवाड़ी बाइपास मोटर मार्ग निर्माण का कार्य

03HREG193 बदरीनाथ के विधायक ने प्रधानमंत्री से किया आग्रह, बंद हो हेलंग-मारवाड़ी बाइपास मोटर मार्ग निर्माण का कार्य

गोपेश्वर, 03 जुलाई (हि.स.)। बदरीनाथ विधानसभा के विधायक ने प्रधानमंत्री, सड़क परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार को एक पत्र भेजकर आग्रह किया है कि जोशीमठ को बाइपास करते हुए निमार्णाधीन हेलंग-मारवाड़ी बाइपास मोटर मार्ग का निर्माण कार्य बंद किया जाए।

बदरीनाथ के विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी का कहना है कि आध्यात्मिक, ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन नगरी तथा सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण नगर जोशीमठ हेलंग-मारवाड़ी बाइपास मोटर मार्ग निर्माण कर अलग-थलग करने का प्रयास किया जा रहा है। जो कि न्यायोचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जोशीमठ नगर क्षेत्र आपदा का दंश झेल रहा है। आपदा के कारण यहां के निवासियों का आर्थिक तौर पर व्यापक नुकसान हुआ है। ऐसे में इस नगर को बाइपास किया जाना औचित्यहीन है।

उन्होंने कहा कि जोशीमठ नगर आदि जगतगुरु शंकराचार्य की तपस्थली होने के कारण हजारों वर्षों से सनातन धर्म की हृदय स्थली रहा है। इस नगर का अपना आध्यात्मिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व है। पूर्व में कत्यूरी वंश के राजाओं की राजधानी होने के कारण इस नगर का व्यापक राजनीतिक महत्व भी रहा है। यह नगर सीमान्त नगर क्षेत्र होने के कारण इसका अपना सामरिक महत्व भी है। सदियों से बदरीनाथ धाम, हेमकुण्ड साहिब, विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी और हिमक्रीड़ा स्थल औली का भी मुख्य पड़ाव भी जोशीमठ नगर रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि जोशीमठ नगर में यात्रा/यातायात को सुव्यस्थित बनाये जाने की दृष्टि से नगर के मुख्य मोटर मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग टीसीपी मुख्य बाजार से मारवाड़ी पुल तक, औली रोड टीसीपी से गैस गोदाम तक (मलारी बार्डर राष्ट्रीय राजमार्ग) और जोशीमठ तिराहे से नृसिंह मन्दिर पेट्रोलपम्प तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण और चौड़ीकरण करके यातायात को सुगम और जाम रहित यात्रा संचालित की जा सकती है। साथ ही बार्डर पर आने जाने के लिए सैन्य प्रायोजन के लिए भी सुगम होगी।

उन्होंने आग्रह किया है कि आध्यात्मिक, धार्मिक, सांस्कृतिक तथा ऐतिहासिक पर्यटन नगरी की इन परिस्थितियों को मद्देनजर रखते हुए हेलंग-मारवाड़ी बाइपास मार्ग के निर्माण कार्य पर यथाशीघ्र रोक लगाने के लिए संबंधित को निर्देशित करें।