कांवड़ यात्रा की तैयारी को लेकर पुलिस कर्मियों की ली बैठक

01HREG329 कांवड़ यात्रा की तैयारी को लेकर पुलिस कर्मियों की ली बैठक

ऋषिकेश, 01 जुलाई (हि.स.)। कावड़ यात्रा की तैयारी को लेकर टिहरी, पौड़ी, देहरादून जिले के तमाम पुलिस कर्मियों की गढ़वाल के आईजी करण सिंह, एडीजी इंटेलिजेंट एपी अंशुमान, एडीजी एलओ वी मुरुगेशन और डीआईजी देहरादून जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर सिंह ने ऋषिकेश में बैठक ली। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के साथ सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाए जाने के निर्देश दिए।

शनिवार को देहरादून मार्ग पर वेडिंग पॉइंट में आयोजित बैठक में डीआईजी कुंवर सिंह ने कहा कि आगामी 4 जुलाई से श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से नीलकंठ तक कांवड यात्रा में तीन से चार करोड़ कांडियों की संख्या जलाभिषेक करने के लिए पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इनकी सुरक्षा को लेकर पूरे मेले को चार जोन में बांटा गया है। बैठक में बताया गया कि गोमुख, राम झूला, लक्ष्मण झूला, मुनिकीरेती स्थित पार्किंग के लिए जाने वाले समस्त छोटे बड़े वाहनों को श्यामपुर चौकी हरिद्वार बायपास मार्ग से नटराज चौक होते हुए मुनि की रेती भेजा जाएगा। कावड़ियों के किसी भी वाहन को नटराज चौक से शहर के अंदर नहीं आने दिया जाएगा। इसी के साथ नीलकंठ पैदल जाने वाले कांवड़ियों के समस्त छोटे बड़े वाहनों को आईडीपीएल कैनाल गेट से होते हुए लेबर कॉलोनी स्थित विस्थापित पार्किंग में पार्किंग करवाई जाएगी। इतना ही नहीं कांव॔ड़िए बैराज पुल होते हुए पैदल लेकर जाएंगे। पोंटा साहिब देहरादून से आने वाले कांवड़ियों के वाहनों को भानियावाला रानीपोखरी से नटराज चौक लाते हुए चंद्रभागा में भेजा जाएगा।

बैठक में यह भी बताया गया कि ऋषिकेश श्यामपुर बोटल नेक पर यदि काम किया जाता है तो हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों के वाहनों को नेपाली फार्म से भानियावाला, रानी पोखरी से नटराज पार्किंग में भेजा जाएगा। इसी के साथ चंद्रभागा पार्किंग जाने की स्थिति में हरिद्वार और चीला से आने वाले कांवड़ियों के वाहनों को रानी पोखरी से नटराज होते मनसा देवी से आईडी पर पार्किंग में पार्क कराया जाना सुनिश्चित किया गया है। चीला मार्ग पर बारिश होने पर नीलकंठ राम झुला, मुनी की रेती से आने वाले कांवड़ियों को बैराज पुल से मंडी, तहसील श्यामपुर से हरिद्वार की ओर भेजा जाएगा।

बैठक में बताया गया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर की लोकल सवारियों को शहर के अंदर लाने और ले जाने के लिए केवल पास धारकों को ही आने दिया जाएगा। जिन्हें निकट भविष्य में गोष्टी कर पास आवंटित की जाएंगे। भीड़ की अधिकता को देखते हुए शहर के अंदर माल वाहक वाहनों के आने जाने का समय निश्चित किया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लक्ष्मण झूला पुल बंद होने के कारण नीलकंठ जाने वाले यात्रियों के लिए बैराज, जानकीपुल और गरुड़ चट्टी पुल ही उपलब्ध है। जहां विशेष पुलिस बल की आवश्यकता है।