17HREG163 कमलनाथ ने पटवारी भर्ती परीक्षा का विरोध कर रहे छात्रों का किया समर्थन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
भोपाल, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पटवारी भर्ती परीक्षा में कथित फर्जीवाड़े को लेकर मचा राजनीतिक घमासान कम नहीं हो रहा है। कांग्रेस भी इस पूरे मामले में हमलावर स्थिति में है और सरकार को घेर रही है। वहीं पटवारी भर्ती परीक्षा कथित गड़बड़ी के विरोध में प्रदेशभर के लाखों अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने छात्रों के विरोध का समर्थन किया है।
कमलनाथ ने सोमवार को ट्वीट कर कहा पटवारी भर्ती परीक्षा में हुए घोटाले को लेकर भोपाल में हजारों की संख्या में अभ्यर्थी शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। मैं इनके प्रदर्शन का समर्थन करता हूं। शिवराज सरकार ने मध्य प्रदेश को जिस तरह से भर्ती घोटालों का प्रदेश बना दिया है, उसमें किसी भी नौजवान का भविष्य सुरक्षित नहीं है। हर भर्ती घोटाले के तार अंततः सत्ताधारी पार्टी के नेताओं से जुड़ते हैं और प्रदेश की सरकार घोटाले के सूत्रधारों को बचाने का प्रयास करती रहती है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार को संरक्षण देने की शिवराज सरकार की नीति के कारण न सिर्फ नौजवानों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है बल्कि पूरी दुनिया में मध्यप्रदेश का नाम खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि मैं नौजवानों को भरोसा दिलाता हूं कि 4 महीने बाद प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी तब घोटाले, भ्रष्टाचार और कमीशन का राज समाप्त होगा और आपको योग्यता के अनुसार विधि सम्मत तरीके से रोजगार मिलेगा।