सतपाल महाराज ने उप्र के मुख्यमंत्री योगी से की 665 क्यूसेक पानी देने की मांग

01HREG271 सतपाल महाराज ने उप्र के मुख्यमंत्री योगी से की 665 क्यूसेक पानी देने की मांग

देहरादून, 01 जुलाई (हि.स.)। मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने टिहरी बांध से उत्तर प्रदेश को उपलब्ध हो रहे अतिरिक्त पानी में से जनपद हरिद्वार के भगवानपुर आदि क्षेत्रों में सिंचाई के लिए 665 क्यूसेक पानी देने का अनुरोध किया है।

प्रदेश के लोक निर्माण, पर्यटन, सिंचाई एवं भारत-नेपाल उत्तराखंड नदी परियोजना मंत्री सतपाल महाराज ने टिहरी बांध से उत्तर प्रदेश को उपलब्ध हो रहे अतिरिक्त 4879 क्यूसेक पानी में से जनपद हरिद्वार के भगवानपुर सहित तीन विकासखंडों को देने का अनुरोध किया है। उन्होंने तीन विकासखंडों के 74 गांवों की 18280 हेक्टेयर सिंचित भूमि में सिंचाई सुविधा के लिए 35 किलोमीटर लंबी इकबालपुर नहर प्रणाली एवं कनखल और जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार किए जाने के लिए संयुक्त निरीक्षण के पश्चात 665 क्यूसेक पानी देने का अनुरोध किया।

मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहा कि टिहरी डैम से उत्तर प्रदेश को 4000 क्यूसेक पानी की आवश्यकता थी, लेकिन डैम की ऊंचाई बढ़ने के बाद उत्तर प्रदेश को 4879 क्यूसेक पानी मिल रहा है जोकि 879 क्यूसेक अतिरिक्त है। हमें उस अतिरिक्त पानी में से ही 665 क्यूसेक पानी चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश के सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज से पूछा कि इस संबंध में संयुक्त निरीक्षण का क्या हुआ। इस पर महाराज ने बताया कि मार्च माह में संयुक्त निरीक्षण हो चुका है और अब तक इसकी रिपोर्ट आ जानी चाहिए थी। इस बात पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह मामला पहली बार उनके संज्ञान में आया है उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी।

मंत्री महाराज ने मुख्यमंत्री योगी से अनुरोध किया कि चूंकि संयुक्त निरीक्षण हो चुका है इसलिए अब शीघ्र इसके शासनादेश निकलने चाहिए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा कि पूरे मामले को दिखाकर शीघ्र ही वह इस पर कार्यवाही करेंगे और उत्तराखंड राज्य की सीमा में आ रही उत्तर प्रदेश की सड़कों को भी फोरलेन किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान पंचायत मंत्री सतपाल महाराज ने उनसे जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के सीधे चुनाव करवाने के विषय में भी चर्चा की। जिस पर उन्होंने अपनी सहमति व्यक्त की।