21HREG365 स्वास्थ्य सचिव ने जिला अस्पताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण
उत्तरकाशी, 21 जुलाई (हि.स.)। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने जिले के अपने एक दिवसीय भ्रमण के दौरान जिला अस्पताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चिन्यालीसौड़ का निरीक्षण किया। बाद में उन्होंने मनेरी गांव में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास से जुड़े मसलों एवं जन-समस्याओं पर चर्चा की।
शुक्रवार को स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने जनपद भ्रमण की शुरुआत में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चिन्यालीसौड़ का निरीक्षण कर औषधी भण्डार में दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों से भेंट कर उनका हाल-चाल जाना। साथ ही डॉक्टरों के द्वारा के उपचार की स्थिति की भी पड़ताल की और निःशुल्क जांच परामर्श सुविधा व जांच रिपोर्ट के लिए आने लगने वालों से फीडबैक भी लिया। स्वास्थ्य सचिव के जनपद आगमन पर चिन्यालीसौड़ में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं से अवगत करवाया। साथ ही चिन्यालीसौड़ में दो नये एएनएम सेंटर खोलने का भी अनुरोध किया।
इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल उत्तरकाशी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में एक सर्जन की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने अल्ट्रासाउंड वार्ड का निरीक्षण कर मशीन को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश सीएमएस को दिए। उन्होंने कहा कि एमआरआई मशीन हेतु जगह चिन्हित करने के उपरान्त ही एमआरआई की व्यवस्था की जायेगी। इस दौरान सचिव द्वारा मरीजों से भी भेंट कर उनके उपचार के बारे में जानकारी ली गई और कार्डियोलॉजी वार्ड, जनरल वार्ड, पैथोलाजी, सीटी स्कैन आदि का भी निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य सचिव ने जनपद भ्रमण के दौरान ‘सरकार जनता के द्वार‘ कार्यक्रम के तहत भटवाड़ी ब्लॉक के मनेरी गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना। चौपाल में स्वास्थ्य सचिव डॉ. राजेश कुमार ने ग्रामीणों के साथ विकास एवं स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और जन समस्याओं का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस सीमांत क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों और ग्रामीणों की समस्याओं को शासन स्तर पर संबंधित विभागों को संदर्भित कर उनका निस्तारण कराया जाएगा।
इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रताप रावत ने स्वास्थ्य सचिव से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मनेरी के भवन की मरम्मत एवं चारदीवारी का निर्माण कराए जाने, आयुर्वेदिक अस्पताल का भवन निर्मित कराने, मनेरी गांव को जल विद्युत निगम के फीडर से बिजली की आपूर्ति करने, मनेरी-कोला मार्ग को पीएमजीएसवाई को हस्तांतरित कर विस्तारीकरण करने की मांग प्रमुखता से उठाई।