11HNAT51 उत्तराखंड : हरिद्वार में चेतावनी निशान के पार पहुंची गंगा नदी
हरिद्वार, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण हरिद्वार में गंगा का जलस्तर चेतावनी के पार पहुंच गया है। गंगा का जलस्तर बढ़ने पर उपजिलाधिकारी ने भीमगोड़ा बैराज पहुंच कर स्थिति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद हरिद्वार को रेड जोन में रखा गया है।
मंगलवार देर रात से हो रही भारी बारिश के बाद गंगा का जलस्तर बढ़ गया। मंगलवार दोपहर को गंगा चेतावनी स्तर 293 मीटर पार कर 293.80 पर पहुंच गयी। गंगा में खतरे का निशान 294.00 मीटर है। निरीक्षण करने पहुंचे एडीएम बीएस बुदियाल ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। गंगा का जलस्तर बढ़ने को देखते हुए अधिकारियों को गंगा किनारे बसे लोगों को वहां से हटाने और सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय जनपदों में भी अधिकारियों से निरंतर संपर्क किया जा रहा है ताकि गंगा में जलस्तर बढ़ने पर समय रहते उचित प्रबंध किए जा सकें। साथ ही लक्सर क्षेत्र में अधिकारियों और एनडीआरएफ अलर्ट किया गया है।