अनूपपुर: केंद्रीय विद्यालय गुरु पूर्णिमा पर्व पर मनाया गया प्रवेशोत्सव

03HREG89 अनूपपुर: केंद्रीय विद्यालय गुरु पूर्णिमा पर्व पर मनाया गया प्रवेशोत्सव

अनूपपुर, 3 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के पावन दिवस पर सोमवार को यहां केंद्रीय विद्यालय में कक्षा एक के नन्हे मुन्ने बच्चों का प्रवेशोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बच्चों को विद्यालय के नियमों को अवगत कराया गया। विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर समस्त नव प्रवेशार्थी बच्चों द्वारा शारदेय वंदन किया गया। बच्चों को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्या प्रीति मिश्रा ने बच्चों का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह सुखद संयोग है कि आज का यह कार्यक्रम विद्याप्रवेश गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रवेश सम्पन्न हो रहा है, इन बच्चों पर सभी गुरुजनों का आशीष बना रहे।

इसके पूर्व विद्यालय परिवार द्वारा कक्षा एक के बच्चों का करतल ध्वनि से भव्य स्वागत किया गया। प्रवेशित बच्चों को कक्षाध्यापिका जया पटेल द्वारा तिलक लगाकर और वरिष्ठ शिक्षक अमृतलाल लाकरा द्वारा मिष्ठान वितरित किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी वेलेंटीना डेविडसन द्वारा बच्चों को रंगबिरंगी भेंट देकर उनका उत्साहवर्धन किया। संगीत शिक्षिका शालिनी सेंगर के कुशल निर्देशन में विद्याप्रवेश कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए गए।

वरिष्ठ शिक्षक रामगोपाल प्रजापति एवं शिवम पटेल ने प्रवेशित बच्चों को विद्यालय के सामान्य नियमों से परिचित कराते हुए शिक्षकों ने अपने परिचयात्मक उद्बोधन से बच्चों को विद्यालय की मुख्य धारा में शामिल किया। इस दौरान कार्यक्रम का लाइव प्रसारण शिक्षक जानकी प्रसाद तिवारी एवं बलराम चौधरी ने किया।