03HREG95 सेवायोजन विभाग लोगों को दे रहा प्रशिक्षण
देहरादून, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के बेरोजगारों के उन्नयन के लिए विशेष प्रबंधन किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध है।
सोमवार को यह जानकारी सेवायोजन विभाग के उप निदेशक चन्द्रकांता ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अन्तर्गत विदेश में रोजगार के अवसर से जुड़ने के लिए नर्सिंग, एल्डरली केयर, हॉस्पिटैलिटी आदि क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध हैं। इसके लिए कुल प्रशिक्षण लागत का 20 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा एवं स्किल लोन की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने जानकारी दी विभिन्न क्षेत्रों में कुशल/ प्रशिक्षित युवा विदेश रोजगार से जुड़ने हेतु अपणि सरकार पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में निकटतम जिला सेवा योजना कार्यालय एवं विभागीय कॉल सेंटर 155267 पर सम्पर्क कर अधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
नोडल अधिकारी विदेश रोजगार प्रकोष्ठ प्रवीण गोस्वामी ने बताया कि विदेश रोजगार प्रकोष्ठ, सहसपुर में 26 जून से 25 प्रशिक्षणार्थियों को जापानी भाषा का प्रशिक्षण जापानी प्रशिक्षक शिमिजू सेन द्वारा दिया जा रहा है। वर्तमान में जापानी भाषा के प्रशिक्षण के द्वितीय बैच के प्रशिक्षण का संचालन किया जा रहा है।