ढालवाला इंडस्ट्रियल एरिया का जल्द कायाकल्प होगा

03HREG339 ढालवाला इंडस्ट्रियल एरिया का जल्द कायाकल्प होगा

देहरादून, 03 जुलाई (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नगर पालिका परिषद मुनि की रेती ढालवाला में स्थानीय लोगों की समस्याओं को देखते हुए इंडस्ट्रियल एरिया सिडकुल क्षेत्र के विकास के लिए किए खर्चों का ब्यौरा तैयार करने के निर्देश दिए।

सोमवार को देहरादून स्थित राज्य वन मुख्यालय में मंत्री सुबोध उनियाल ने नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती, ढालवाला अध्यक्ष रोशन रतूड़ी के आग्रह पर सिडकुल के आला अधिकारियों एवं इंडस्ट्रियल एरिया के संबंधित प्रभारियों के संग बैठक की। इस दौरान ढालवाला इंडस्ट्रियल एरिया में सड़कों,नाली, लाइटों के विकास एवं कर निर्धारण के परिप्रेक्ष्य में सिडकुल के आला अधिकारियों, इंडस्ट्रियल एरिया के सम्बन्धित प्रभारियों व निकाय के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में पालिकाध्यक्ष ने बताया कि सिडकुल के द्वारा निकाय को किसी भी प्रकार को कर नहीं दिया जाता है, जबकि सभी मूलभूत सुविधाएं साफ, सफाई, सड़क निर्माण, लाइटिंग आदि निकाय की ओर से यहां दी जा रही हैं। इसके बाद निकाय ने यहां कर निर्धारण करने का निर्णय लिया। मगर सिडकुल ने इस कर निर्धारण को देने से मना कर दिया है।

पालिकाध्यक्ष ने बताया कि विकास के नाम सिडकुल के द्वारा जो धनराशि एकत्र की जा रही है, वो यहां के विकास कार्यों के लिए खर्च नहीं हो रही है। यहां विकास कार्य न होने के कारण यहां की हालत खस्ताहाल बनी हुई हैं। सड़क पर ही वाहन लोडिंग, अनलोडिंग किए जाते हैं। साथ ही यहां सड़कें, सीवर आदि की व्यवस्था भी सिडकुल द्वारा बेहतर ढंग से नहीं बनाई गई है।

मंत्री सुबोध उनियाल ने मामले का संज्ञान में लेते हुए बताया कि ढालवाला में सिडकुल क्षेत्र आबादी के समीप है, यहां विकास कार्य न होने के कारण स्थानीय क्षेत्रवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शीघ्र ही निकाय की ओर से सिडकुल क्षेत्र के विकास के लिए किए खर्चों का ब्यौरा तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही सिडकुल प्रबंधक को यहां की मेंटीनेंस के लिए रखे गए खर्चे का ब्यौरा देने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट देखने के बाद ही ढालवाला इंडस्ट्रियल एरिया में होने वाले विकास कार्यों का निर्णय लिया जाएगा।

इस मौके पर अपर सचिव उमेश नारायण पांडेय, आरएम सिडकुल यशवंत सिंह रावत, अवर अभियंता सिडकुल संजय राणा,असिस्टेंट मैनेजर अरुण जुयाल, विरेंद्र नेगी, अधिशासी अधिकारी तनवीर सिंह मारवाह, सभासद विनोद सकलानी, सभासद प्रतिनिधि राजेंद्र थलवाल, कर एवं राजस्व निरीक्षक अनुराधा गोयल, वरिष्ठ सहायक दिनेश कृषाली, ढालवाला इंडस्ट्रियल एसोशिएसन के सदस्य लोकेश मखीजा, संजय अग्रवाल, सुरेन्द्र पंत आदि उपस्थित थे।