भोपाल: महादेव पानी में तेज बहाव में बहे लड़के का शव मिला

17HREG164 भोपाल: महादेव पानी में तेज बहाव में बहे लड़के का शव मिला

भोपाल, 17 जुलाई (हि.स.)। राजधानी के समीप स्थित पर्यटन स्थल महादेव पानी में रविवार को तीन लड़के अचानक तेज हुए पानी के बहाव में बह गए थे। इनमें से दो तो सुरक्षित बच गए, लेकिन एक लड़का लापता था। उसका शव सोमवार तड़के करीब 3 बजे एसडीआरएफ की टीम ने निकाल लिया है।

हादसे में जीवित बचे शुभम सोनी नाम के लड़के ने बताया कि हम तीन दोस्त ईंटखेड़ी छाप से आए थे। पानी का बहाव नहीं था, इसलिए हम वहां बैठे थे। अचानक से पानी का बहाव तेज हो गया। जिसमें मेरा दोस्त बह गया। मैंने पेड़ पकड़ लिया था। मैं और अभिषेक बच गए, लेकिन विधान सेन (15) बह गया था। वो 10वीं में पढ़ता था। हादसे की सूचना मिलने पर रायसेन कलेक्टर अरविंद दुबे और एसपी विकास कुमार शाहवाल समेत पुलिस, वन विभाग, गोताखोर और एसडीईआरएफ की टीम पहुंची। एसडीआरएफ भोपाल के प्लाटून कमांडर जेएल कोठारी ने बताया कि एक 15 साल का लड़का लापता था। मौके से दो बाइक मिली थी। ये दोनों बाइक पानी में फंसी थी, जिन्हें बाहर निकाला गया। रात भर चलाए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान तड़के करीब 3 बजे लापता लड़के का शव पुलिया से करीब 200 मीटर दूर खोज लिया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भोपाल ले जाया गया है।