भारी बारिश में महापौर ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

11HREG251 भारी बारिश में महापौर ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

-शास्त्री नगर में वनविभाग के अधिकारियों को दिए कारवाई के निर्देश

-गंगा किनारे बसे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की महापौर ने की अपील

ऋषिकेश, 11 जुलाई (हि.स.)। मूसलाधार बारिश ने तीर्थ नगरी में भी लोगों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। इसे देखते हुए नगर निगम महापौर अनीता ममगांईं ने शहर के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

शास्त्री नगर में पुस्ता बह जाने और क्षेत्रवासियों की छतों पर कुछ पेड़ों के टूटकर लटक जाने की सूचना पर महापौर मौके पर पहुंची। उन्होंने तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को फोन कर आवश्यक कारवाई के निर्देश दिए। इसके बाद महापौर ने देहरादून रोड, सरकारी हॉस्पिटल, पंचकुटी ,भरत बिहार, शिवा इंन कलब, शिवाजी नगर, 20 बीघा, शास्त्री नगर, नंदू फार्म, गीता नगर, बाबू ग्राम, आवास विकास के बारिश प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावितों की समस्याओं को सुना।

प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के साथ ही ऋषिकेश में भी बारिश ने कहर बरपाया है। विभिन्न स्थानों पर हुए जलभराव की वजह से लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने गंगा के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की ,कि बारिश के खतरे को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहें।

इस दौरान विजय बडोनी, विपिन पंत,राधा रमोला, गुरविन्दर गुरी,विकास तेवतिया, तनु तेवतिया,संजय बर्मा, गौरव कैंथोला, वायुराज, अभिषेक मल्होत्रा, सुभाष सेमवाल ,प्रिंस गुप्ता, आदि शामिल थे।