मप्र: सक्रिय हुआ नया सिस्टम, प्रदेश के 38 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

07HREG50 मप्र: सक्रिय हुआ नया सिस्टम, प्रदेश के 38 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

भोपाल, 7 जुलाई (हि.स.)। अरब सागर के ऊपर बना बारिश का नया और दमदार सिस्टम सक्रिय हो गया है। इसके असर से अगले दो-तीन दिन में पूरा प्रदेश तरबतर हो जाएगा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 60% से ज्यादा हिस्से में भारी बारिश की चेतावनी दी है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत प्रदेश के 38 जिलों में ढाई से 4 इंच तक बारिश हो सकती है।

प्रदेश के कई जिलों में पिछले 3 दिनों से तेज बारिश का दौर जारी है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण बारिश हुई। गुरुवार से अरब सागर के ऊपर बना नया सिस्टम सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। यह सिस्टम शुक्रवार को भी प्रभावी रहेगा। मौसम केंद्र, भोपाल ने शुक्रवार को प्रदेशभर में बारिश होने का अनुमान जताया है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि गुरुवार से सिस्टम और भी ज्यादा प्रबल हो गया है। इस वजह से तेज बारिश का दौर रहेगा।

आज इन जिलों में हो सकती है भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भोपाल, रायसेन, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बड़वानी, खरगोन, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, देवास, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, बुरहानपुर, अलीराजपुर, धार, इंदौर, आगर-मालवा, नीमच, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, डिंडोरी, नरसिंहपुर, मंडला, बालाघाट, दमोह में हल्की बारिश की संभावना है।