मप्र: पटवारी भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी का विरोध, आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन

17HREG162 मप्र: पटवारी भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी का विरोध, आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन

भोपाल, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पटवारी भर्ती में हुई कथित गड़बड़ी को लेकर भोपाल में सोमवार को आम आदमी पार्टी ने ज्योति टॉकीज चौराहे पर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आप कार्यकर्ताओं ने परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की सरकार से मांग की है।

ज्योति टॉकीज चौराहे पर सोमवार दोपहर आप कार्यकर्ता एकजुट हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पटवारी भर्ती में कथित गड़बड़ी को युवाओं के साथ प्रदेश सरकार का छल करार दिया। आप के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत पटेल ने कहा कि पटवारी भर्ती घोटाला एक सुनियोजित घोटाला है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने लाखों युवाओं के साथ बड़ा धोखा किया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में लाखों बेरोजगार नौकरी के लिए परेशान हो रहे हैं। प्रदेश में एक तो भर्ती नहीं हो रही है और जिन पदों पर भर्तियां निकाली जाती हैं वो या तो कोर्ट में अटक जाती हैं या फिर उनमें बड़ा घोटाला सामने आता है।

रमाकांत पटेल ने इसे भाजपा सरकार में व्यापमं जैसा बड़ा घोटाला बताया। उन्होंने भाजपा सरकार से कहा कि केवल नाम बदलने से काम नहीं बदल जाते हैं। उन्होंने कहा कि काम करने और निष्पक्ष परीक्षा के लिए अच्छी नीयत जरूरी होती है लेकिन भाजपा सरकार की नीयत ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में एक भी सरकारी भर्ती निष्पक्ष तरीके से भाजपा सरकार नहीं करा पाई। हर भर्ती में घोटाले सामने आए हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार ने युवाओं के सपनों को छीना है। आम आदमी पार्टी सरकार से मांग करती है कि ये भर्ती रद्द की जाए और दोबारा परीक्षा कराई जाए। इसके अलावा घोटाले की सीबीआई जांच कराई जाए।