विश्व साइकिल दिवस पर रैली से स्वस्थ रहने का दिया संदेश

03HREG104 विश्व साइकिल दिवस पर रैली से स्वस्थ रहने का दिया संदेश

देहरादून, 03 जून (हि.स.)। विश्व साइकिल के अवसर पर डेकाथलॉन देहरादून और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन जनपद देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में ‘‘साइकिल जागरूकता रैली’’ डीसीसी साइक्लोथॉन 2023 का आयोजन किया गया।

हरिद्वार बाइपास स्थित डेकाथलॉन स्टोर से रैली (30 किमी) का शुभारम्भ किया गया। रैली केदारपुरम, दौड़वाला एवं दूधली रोड की ओर वापस डेकाथलॉन स्टोर पर समाप्त हुई। रैली का शुभारम्भ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एन.एच.एम. डॉ. निधि रावत ने किया। रैली में 152 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।

रैली के दौरान प्रतिभागियों को एन.पी.सी.डी.सी.एस. (कैंसर, मधुमेह, हृदय रोग एवं पक्षाघात रोगों की रोकथाम हेतु राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम) कार्यक्रम के संदेश लिखे स्टीकर लगाये गये। प्रतिभागियों को संदेश दिया गया कि जीवनशैली से जुड़े रोगों की रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल को परिवहन के रूप में अपनाना एक अच्छा उपाय है।

कार्यक्रम में गैर संचारी रोग कार्यक्रम की जिला सलाहकार अर्चना उनियाल, आईईसी समन्वयक पूजन नेगी, डेकाथलॉन स्टोर हेड हिमांशु शर्मा, इवेंट मैनेजर अरुण सिंह, हिमानी बिष्ट सहित 152 से अधिक प्रतिभागी उपस्थित रहे।