व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सेठी ने पॉड कार के रूट परिवर्तन की मांग की

07HREG89 व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सेठी ने पॉड कार के रूट परिवर्तन की मांग की

हरिद्वार, 07 जून (हि.स.)। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने पॉड कार के रूट परिवर्तन की मांग की है। उन्होंने कहा है कि कोई भी व्यापारी पॉड कार का विरोधी नहीं नही है, वह सिर्फ उसके बनने वाले रूट से आहत है।

प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में सुनील सेठी ने कहा कि योजना के अनैतिक रूट से व्यापार चौपट होने और व्यापारियों के नुकसान की पूरी संभावना है। बिना किसी की राय लिए अथवा संवाद किये गलत डीपीआर तैयार कर सर्वे टीम ने सरकार और व्यापारियों को धोखे में रखा है, जिसकी वजह से व्यापारी वर्ग परेशान है।वो लगातार इसके रूट को लेकर विरोध जता रहे हैं।

सेठी ने कहा कि कुंभ पेशवाई मार्ग, दूधाधारी से ज्वालापुर तक का पॉड कार रूट बदलना चाहिए। इसकी नई डीपीआर तैयार करने के बाद ही टेंडर प्रकिया जारी होनी चाहिए। सेठी ने कहा कि जब आदमी को निकलने की जगह नहीं मिल रही तो इसके पिलर बनने के बाद कैसे व्यवस्था सुचारू हो पाएगी।

महानगर अध्यक्ष जितेंद्र चौरसिया एवं जिला उपाध्यक्ष पंकज माटा ने कहा कि गंगा सभा, व्यापार मंडलों की आपत्ति के बाद सम्मानित अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रविन्द्र पुरी ने भी इस योजना पर आपत्ति जता दी है।

महामंत्री नाथीराम सैनी एवं जिला उपाध्यक्ष तरुण यादव ने कहा कि कोई भी योजना जनता के हित के लिए बनाई जाती है। जिस योजना से जनहित में अहित हो उसे बदला जाना ही न्याय संगत होगा।