14HSPO6 टीएनपीएल: सलेम स्पार्टन्स के कप्तान अभिषेक तंवर ने एक गेंद पर 18 रन लुटाए
कोयंबटूर, 14 जून (हि.स.)। तमिलनाडु प्रीमियर लीग (टीएनपीएल) में चेपॉक सुपर गिल्लीज और सलेम स्पार्टन्स के बीच मंगलवार को मैच में उस समय एक विचित्र घटना देखने को मिली, जब स्पार्टन्स के कप्तान अभिषेक तंवर ने पारी की अंतिम गेंद पर कुल 18 रन दिये।
पारी के 20वें और अंतिम ओवर की आखिरी गेंद तंवर ने नो-बॉल फेंकी, जिससे विपक्षी टीम को एक अतिरिक्त रन मिला। अगली गेंद पर आर संजय यादव ने डीप मिडविकेट पर एक बड़ा छक्का लगाया, हालांकि यह भी नो बॉल थी।
संजय ने अगली गेंद पर दो रन लिए, यह गेंद भी नो बॉल थी और तंवर ने बिना लीगल गेंद फेंके 11 रन दे दिये। तंवर द्वारा फेंकी गई अगली गेंद वाइड थी, जिससे बिना लीगल डिलीवरी के 12 रन बन गए।
तंवर का अगला प्रयास यॉर्कर-लेंथ गेंद फेंकना था औऱ अंत में यह लीगल डिलीवरी थी, लेकिन संजय ने डीप-मिडविकेट क्षेत्र में छक्का मार दिया और तंवर ने 1 गेंद पर 18 रन दे दिये।
कप्तान ने अंतिम ओवर में 26 रन दिए और सीएसजी अपने 20 ओवरों में 5 विकेट पर 217 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज प्रदोष रंजन पॉल ने 55 गेंदों में 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 88 और कप्तान नारायण जगदीशन ने 27 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की। संजय के 31* रन की बदौलत टीम ने शानदार तरीके से पारी का अंत किया।
तंवर ने अपने चार ओवर में 44 रन दिए और एक विकेट लिया। उनका इकॉनमी रेट 11.00 का रहा। आकाश सुमरा (0/42) एक अन्य गेंदबाज थे जिन्होंने 14 की इकॉनमी रेट से रन लुटाए।
जवाब में स्पार्टन्स की टीम अपने 20 ओवरों में 9 विकेट पर 165 रन ही बना सकी और 52 रनों से मैच हार गई।