11HREG59 मुख्यमंत्री शिवराज ने महान क्रांतिकारी पंडित राम प्रसाद ‘बिस्मिल’ को जयंती पर किया नमन
भोपाल, 11 जून (हि.स.)। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की क्रान्तिकारी धारा के एक प्रमुख सेनानी, ब्रिटिश साम्राज्य के अन्याय का ‘मैनपुरी’ व ‘काकोरी’ कारनामों से मुंहतोड़ जवाब देने वाले अमर शहीद पं. राम प्रसाद ‘बिस्मिल’ की आज जयंती है। इस अवसर पर मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका स्मरण कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने अपने निवास कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री चौहान ने रविवार को ट्वीट के माध्यम से कहा कि माँ भारती के वीर सपूत, महान क्रांतिकारी पंडित राम प्रसाद ‘बिस्मिल’ जी की जयंती पर सादर नमन करता हूँ। आपके ओजस्वी विचार और आदर्श जीवन सर्वदा देशवासियों को मातृभूमि की सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। आपके विचारों की प्रखर ज्योत युगों-युगों तक राष्ट्र सेवा के दीप को प्रदीप्त रखेगी। वीर सपूत को बारंबार प्रणाम।
प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी रामप्रसाद बिस्मिल की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने करते हुए कहा कि मां भारती के महान सपूत, अमर क्रांतिकारी पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की जयंती पर शत-शत नमन। राम प्रसाद बिस्मिल का जीवन केवल एक क्रांतिकारी का जीवन ही नहीं है, वे अपने लेखन, संगठनात्मक क्षमता, नेतृत्वकर्ता के तौर पर चिरकाल तक देश के युवाओं के लिए प्रेरणा भी बने रहेंगे।
वहीं, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने ट्वीट किया है कि वीरता और साहस की प्रतिमूर्ति, अपनी रचनाओं के माध्यम से देशवासियों के ह्रदय में देशभक्ति की लौ जलाने वाले महान क्रांतिकारी पं. राम प्रसाद बिस्मिल की जयंती पर उन्हें सादर नमन। मातृभूमि की स्वाधीनता के लिए उनका त्याग और बलिदान हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा।