16HREG125 चमोली में योग दिवस की तैयारियां जोरों पर, योगाभ्यास शुरू
गोपेश्वर, 16 जून (हि.स.)। चमोली जिले में अन्तराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों जोरों पर हैं। योग दिवस की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत पुलिस मैदान गोपेश्वर में योगाभ्यास शुरू हो गया है।
योग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डाॅ. एसके रतूडी ने बताया कि इस वर्ष हर घर आंगन योग की थीम पर अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इस बार योग दिवस पर 21 जून को मुख्य कार्यक्रम सीमान्त गांव माणा और बदरीनाथ में किया जाएगा। इसके साथ ही समस्त हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में भी योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि योग दिवस की तैयारियों को लेकर काॅमन योगा प्रोटोकाॅल के तहत योगाभ्यास किया जा रहा है। गोपेश्वर पुलिस मैदान में प्रतिदिन सुबह छह से सात बजे तक योगाभ्यास किया जा रहा है। जिसमें बड़ी उत्सुकता से लोग प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग को आत्मसात करने से शरीर में असीम ऊर्जा का संचार होता है जिससे हमारी कार्यकुशलता और क्षमता बढ़ती है। बदलती जीवन शैली में योग निश्चित रूप से बहुत लाभदायक है, जो दिमाग एवं शरीर को स्वस्थ एवं चुस्त-दुरूस्त बनाए रखता है। योग में शारीरिक, मानसिक, वैचारिक सभी समस्याओं का समाधान निहित है।