06HREG47 गुरु हरगोबिंद साहिब का प्रकाशोत्सव धूमधाम से मनाया
हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। सिखों के छठे गुरु गुरु हरगोबिंद साहिब के प्रकाशोत्सव पर कनखल स्थित निर्मल संतपुरा आश्रम गुरुद्वारे में मंगलवार को कीर्तन दरबार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाई ब्रह्मजोत सिंह ने कीर्तन सुनाकर श्रद्धालुओं को निहाल किया। इस दौरान रहरास साहिब का पाठ, लडीवार गुरबाणी कथा का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर निर्मल संतपुरा आश्रम के संचालक संत जगजीत सिंह शास्त्री ने कहा कि गुरु हरगोबिन्द साहिब बहुत परोपकारी योद्धा थे। उन्होंने शास्त्र और शस्त्र की शिक्षा ली। उनका जीवन दर्शन जन-साधारण के कल्याण से जुड़ा हुआ था। जुल्म के खिलाफ आवाज उठाई और लोगों को शिक्षित किया। उन्हें बंदीछोड़ दाता भी कहा जाता है। सिख लहर को प्रभावशाली बनाने में गुरु हरगोबिंद साहिब का अद्वितीय योगदान रहा।