कैंची धाम मेले में शटल टैक्सियों से ही आ सकेंगे श्रद्धालु

14HREG235 कैंची धाम मेले में शटल टैक्सियों से ही आ सकेंगे श्रद्धालु

-सड़क पर दुकान लगाने की नहीं होगी अनुमति

नैनीताल, 14 जून (हि.स.)। बाबा नीब करौरी के कैंची धाम में गुरुवार को आयोजित वार्षिकोत्सव के लिए बुधवार से ही पुलिस की ओर से व्यवस्थाएं और आवागमन की पाबंदियां शुरू हो गई हैं। वाहनों को पूर्व घोषित यातायात योजना के अनुसार भेजा जा रहा है।

जनपद के पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि कैंची धाम में प्रस्तावित वार्षिकोत्सव में काफी भीड़ आने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने कई पहल और तैयारियां की हैं। उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालुओं को शटल टैक्सियों से कैंची धाम आना होगा। इसके लिए भवाली में काफी पार्किंग बनाई गई हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में वार्षिकोत्सव के दौरान काफी संख्या में बाहरी व्यवसायी आकर सड़कों पर अपना कारोबार करने लगते हैं, लेकिन इस बार स्थानीय लोगों, जिनकी यहां अपनी भूमि है, उन्हें छोड़कर अन्य किसी को भी सड़क पर दुकान लगाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

उन्होंने श्रद्धालुओं से की कि वह वीआईपी बनकर नहीं बल्कि श्रद्धालु बनकर यहां आएं और आशीर्वाद प्राप्त करें। साथ ही कोई भी ऐसा कृत्य न करें तो मर्यादा के अनुकूल न हो। बाबा कैंची धाम की महत्ता व मर्यादा को बनाए रखने में अपना योगदान दें और कोई भी समस्या या आपातकालीन समस्या होने पर पुलिस से संपर्क करें।