09HREG214 लंबित मामलों को शीघ्र निपटाएं अधिकारी : मुख्यमंत्री धामी
देहरादून, 09 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग की पहली समीक्षा बैठ की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वह लंबित मामलों को शीघ्रता से निपटाएं। आमजन को केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले। इसके लिए सभी जनपदों में नियमित बहुद्देशीय शिविर लगाए जाएं। बैठक में मुख्यमंत्री वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भ्रष्टाचार को रोकने के लिए टोल फ्री नम्बर 1064 का बोर्ड सभी कार्यालयों में लगे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। भ्रष्टाचार से संबंधित विजिलेंस को जितनी शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उन पर की गई कार्रवाई की विजिलेंस से नियमित रिपोर्ट ली जाए। मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिये कि जनपद स्तर पर विवेचना से संबंधित जो मामले एक साल से अधिक समय से लम्बित हैंं, अभियान चलाकर तीन माह के अन्दर उनको निस्तारित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि जन समस्याओं के निस्तारण के लिए जन प्रतिनिधियों एवं आम जन के फोन रिसीव न करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश अधिकारी फोन रिसीव न कर पा रहे हैं, तो बाद में अवश्य कॉल बैक करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वाल एवं कुमाऊं कमिश्नर अपने मंडलों में जन समस्याओं के त्वरित निदान एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए नियमित समीक्षा करें।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि बरसात का समय शुरू होने वाला है। सभी जिलाधिकारी जिन क्षेत्रों में जल भराव होता है, मलबा आने की संभावनाएं होती है, वहां समाधान के लिए अभी से पूरी कार्ययोजना बना लें। वर्षाकाल के दृष्टिगत सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखें। जिला अधिकारी जनपदों में प्रतिमाह आय-व्ययक की भी समीक्षा बैठक करें। मुख्यमंत्री घोषणाओं पर जनपदों में प्रगति की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट भेजी जाए। जनपदों में जिन दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य किये जा रहे हैं, उनमें तेजी लाई जाए।