नेपाल में प्रचंड के नेतृत्व में माओवादियों सहित 4 दलों ने बनाया ‘समाजवादी मोर्चा’

19HINT16 नेपाल में प्रचंड के नेतृत्व में माओवादियों सहित 4 दलों ने बनाया ‘समाजवादी मोर्चा’

काठमांडू, 19 जून (हि.स.)। नेपाल में प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल प्रचंड के नेतृत्व वाली सीपीएन (माओवादी सेंटर) समेत चार पार्टियों ने समाजवादी मोर्चा बनाने का ऐलान किया है। इसका ऐलान सोमवार को काठमांडू में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किया गया।

मोर्चा बनाने की घोषणा करते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड ने कहा कि देश में बदलाव के खिलाफ सिर उठाने वालों के खिलाफ ‘समाजवादी मोर्चा’ मजबूती से आगे आएगा। उन्होंने बताया कि मोर्चा शांति प्रक्रिया की बाकी गतिविधियों का जवाब देगा। प्रचंड ने कहा कि उनकी भारत यात्रा से नेपाल ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने दावा किया कि देश हित में सफल भारत यात्रा के बाद विरोधी डरे हुए हैं।

समाजवादी मोर्चा में माओवादियों के अलावा उपेंद्र यादव के नेतृत्व वाली जनता समाजवादी पार्टी (जेएसपी), माधव कुमार नेपाल के नेतृत्व वाली सीपीएन यूनाइटेड सोशलिस्ट (यूएस) और नेत्र विक्रम चंद बिप्लव के नेतृत्व वाली नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएन) को शामिल किया गया है। मोर्चे में शामिल जेएसपी एकमात्र गैर-कम्युनिस्ट पार्टी है। बाकी तीन पार्टियां कम्युनिस्ट हैं। मोर्चे के तीन दलों का संसद में प्रतिनिधित्व है। मोर्चा में शामिल सीपीएन एमके की 32, जेएसपी की 12 और सीपीएन यूएस की 10 सीटें मिलाकर 54 सीटें हैं।

मोर्चे ने चार पेज का समझौता ज्ञापन भी तैयार किया है। इसकी प्रस्तावना में उल्लेख किया गया है कि नेपाल को एक धर्मनिरपेक्ष, बहु-धार्मिक संघीय लोकतांत्रिक गणराज्य राज्य के रूप में मान्यता प्राप्त है।