महिला कांग्रेस को बूथ स्तर तक किया जाएगा मजबूतः ज्योति रौतेला

09HREG136 महिला कांग्रेस को बूथ स्तर तक किया जाएगा मजबूतः ज्योति रौतेला

गोपेश्वर, 09 जून (हि.स.)। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि एक माह पूर्व ही जिला स्तर पर महिला कांग्रेस की नई कार्यकारणी बनायी गयी है। उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक जिले का भ्रमण कर कार्यकारणी के विस्तार पर चर्चा के साथ ही बूथ स्तर तक महिला कांग्रेस का गठन कर मजबूत बनाने का कार्य किया जाएगा।

शुक्रवार को गोपेश्वर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी चुनावों के मद्देनजर महिला कांग्रेस की भागीदारी को लेकर महिलाओं के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन चुनावों में यदि कोई महिला भागीदारी करना चाहती है तो उनसे भी चर्चा की जा रही है।

उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा का शासन चल रहा है तब से सबसे ज्यादा महिलाओं पर अत्याचार हुए हैं। अंकिता भंडारी को अभी तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने के लिए जो वादे जनता के साथ किये थे उन वादों का क्या हुआ इसका जवाब भी भाजपा को देना होगा। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के विकल्प के रूप में कांग्रेस पर नजर लगाए हुए है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी का दायित्व बन जाता है वह जनता की समस्याओं के लिए आगे आये।