लव और लैंड जिहाद के खिलाफ सरकार की लड़ाई को कांग्रेस कर रही कमजोर: भाजपा

09HREG404 लव और लैंड जिहाद के खिलाफ सरकार की लड़ाई को कांग्रेस कर रही कमजोर: भाजपा

देहरादून, 09 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट हुए ने कहा है कि लव और लैंड जिहाद के खिलाफ कांग्रेस लड़ाई को कमजोर कर रही है। भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री समेत सभी नेता लव व लैंड जिहाद और राज्य की डेमोग्राफी बदलने वालों के खिलाफ जनता और सरकार की लड़ाई को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से तुष्टिकरण की राजनीति में विश्वास करती आई है।

महेन्द्र भट्ट ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश की अस्मिता, शांति और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े इस ज्वलंत मुद्दे पर कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी नेताओं की लगातार सामने आने वाली प्रतिक्रियाएं निराशाजनक हैं। इस विषय पर सभी राजनैतिक एवं सामाजिक संगठनों को सुनियोजित ढंग से इस साजिश में लगे लोगों का एकसुर में पुरजोर विरोध करना चाहिए। भट्ट ने कहा कि इन तमाम मुद्दों को लेकर राज्य में विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में बाहरी प्रदेशों से आये समुदाय विशेष के लोगों की संलिप्तता पायी गई है। फिर भी इस कड़वी सच्चाई को कांग्रेस स्वीकार नहीं कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुंह फेरने से सच्चाई नहीं बदलने वाली है और अब समय है कि कांग्रेस समेत विपक्ष के तमाम नेताओं को सामने आकर लव जिहाद, लैंड जिहाद, अवैध धर्मांतरण समेत डेमोग्राफी और पहचान बदलने की साजिश आदि मुद्दों पर अपना मत स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर उन्हें गोलमोल जवाब देने के बजाय स्पष्ट जवाब देना चाहिए।