09HREG226 केदारनाथ: गंदगी फैलाने पर अब तक 64 व्यक्तियों का काटा चालान
रुद्रप्रयाग, 09 जून (हि.स.)। तीर्थ यात्रियों को साफ-स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर जिला पंचायत, नगर पंचायत एवं सुलभ इंटरनेशनल निरंतर सफाई अभियान चला रहे हैं। साथ ही गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। अब तक 64 व्यक्तियों का गंदगी फैलाने पर चालान किया गया है।
नगर पंचायत केदारनाथ के अधिशासी अधिकारी चंद्रशेखर चौधरी ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर नगर पंचायत केदारनाथ एवं सुलभ इंटरनेशनल के पर्यावरण मित्रों द्वारा संयुक्त रूप से गोल चौराहे से हिमलोक टेंट कॉलोनी (जीएमवीएन) के गेट तक मार्ग और मंदाकिनी नदी के तटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सफाई अभियान के दौरान शुक्रवार को लगभग ढाई क्विंटल प्लास्टिक कचरा 30 थैलों में एकत्रित किया गया।
उन्होंने बताया कि सफाई अभियान के साथ ही गंदगी फैलाने पर नियमानुसार अब तक 64 व्यक्तियों का चालान किया गया है और 36,700 रुपये की धनराशि अर्थदंड के रूप में वसूल की गई। हर दिन केदारनाथ धाम से लेकर यात्रा पड़ावों में सफाई अभियान चलाकर श्रद्धालुओं को जागरूक भी किया जा रहा है।
सफाई अभियान का नेतृत्व सेक्टर प्रभारी सफाई व्यवस्था चंद्रकांत भट्ट ने किया तथा सफाई अभियान में प्रभारी पर्यावरण पर्यवेक्षक नगर पंचायत मुकेश, श्रवण कुमार आदि मौजूद रहे।