मैं अपने करियर में भाग्यशाली रहा हूं : बॉबी सिंह धामी

19HSPO9 मैं अपने करियर में भाग्यशाली रहा हूं : बॉबी सिंह धामी

नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। भारतीय जूनियर हॉकी टीम के उप-कप्तान बॉबी सिंह धामी ने मेन्स जूनियर एशिया कप 2023 जीतकर न केवल खुद को अपने करियर में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए तैयार किया है बल्कि “जो भी होता है, उसके पीछे एक कारण होता है” के मुहावरे को भी चरितार्थ किया है।

बॉबी केवल 10 साल के थे, जब उनके ड्राइवर पिता श्याम सिंह धामी के साथ हुई एक दुखद दुर्घटना ने उनकी माँ को उनके मामा के साथ उत्तराखंड के एक सुंदर शहर टनकपुर में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।

बॉबी के चाचा प्रकाश पूर्व राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी थे। युवा बॉबी अपने चाचा के साथ मैदान पर जाता था, जहाँ उनके चाचा स्थानीय बच्चों को हॉकी का प्रशिक्षण देते थे। धीरे-धीरे बॉबी की रूचि भी हॉकी की ओर हो गई। इसके बाद 16 साल की उम्र तक उनका चयन सोनीपत के साई सेंटर में हो गया।

बॉबी ने कहा, “जब मेरे पिता की दुर्घटना के बाद मेरे परिवार को मुश्किलों का सामना करना पड़ा, तो हमारे पास पैसे नहीं थे। मेरे माता-पिता मेरी शिक्षा का खर्च भी नहीं उठा सकते थे और मेरी माँ ने मुझे मेरे चाचा के घर भेजने का फैसला किया। एक बच्चे के रूप में, यह स्पष्ट रूप से उस समय मुश्किल था, लेकिन अब पीछे मुड़कर देखता हूं, तो मुझे एहसास होता है, अगर वह दुर्घटना कभी नहीं हुई होती, तो मैं शायद कभी हॉकी नहीं खेल पाता।”

2019 में, बॉबी हॉकी इंडिया के जूनियर नेशनल प्रोग्राम में शामिल हुए और फिर इसके बाद 2021 में उन्हें भुवनेश्वर, ओडिशा में एफआईएच पुरुषों के जूनियर विश्व कप के लिए एक वैकल्पिक खिलाड़ी के रूप में जूनियर इंडिया टीम में चुना गया।

इसके बाद मनिंदर सिंह के चोटिल होने से उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया, जहां उन्होंने अपने अच्छे प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि मैं अपने करियर में काफी भाग्यशाली रहा हूं। मनिंदर की चोट ने मुझे जूनियर विश्व कप के लिए अंतिम एकादश में शामिल किया। हालांकि हम चौथे स्थान पर रहे और काफी निराश थे, कांस्य पदक मैच में हार ने हमें टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। आने वाले दिनों में हम मानसिक रूप से सख्त हो गए और खुद से कहा कि हम इसके बाद कोई बड़ा टूर्नामेंट नहीं हारेंगे।”

ओमान में हाल ही में समाप्त हुए मेन्स जूनियर एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीतने के बाद बॉबी का मानना है कि उनकी टीम बड़े कारनामों के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा, “हमने देखा कि टोक्यो ओलंपिक में सीनियर टीम को उनके कांस्य पदक के बाद किस तरह का सम्मान मिला है। इससे हमें वास्तव में प्रेरणा मिली। हम जानते थे कि बड़े टूर्नामेंट जीतने से हमें समान सम्मान मिलेगा और हमें मिला भी है। कल, माननीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में हमारी जीत का उल्लेख किया। टीम पिछले कुछ हफ्तों में हमें मिली सराहना से अभिभूत है और अब हमें मलेशिया में जूनियर विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए और अधिक दृढ़ बना दिया है।”