14HREG176 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के संघर्ष से ही आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी : मदन कौशिक
हरिद्वार, 14 जून (हि.स.)। महासंपर्क अभियान के तहत बुधवार को हरिद्वार विधानसभा में वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन हुआ। सम्मेलन में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पटका पहना कर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
मुख्य वक्ता भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर भाजपा अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए जनता के बीच जाकर इसे पर्व के रूप में मना रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ता हमारी पार्टी की नींव हैं। भाजपा अपने हर कार्यकर्ता का सम्मान करती है। वरिष्ठ कार्यकर्ता भाजपा संगठन की शक्ति हैं। इनकी मेहनत और समर्पण को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने केंद्र सरकार के 9 वर्ष के कार्यकाल में हासिल की गई उपलब्धियों की कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन्हीं कार्यकर्ताओं के त्याग परिश्रम और मेहनत के बल पर याद भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। इसलिए भाजपा की वर्तमान पीढ़ी को इन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करना चाहिए और इन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विकास तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित दल है और आज भी जनसंघ के समय के जो वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद हैं उनके संस्मरण सुनने के बाद उनके प्रति स्वतः ही श्रद्धा का भाव प्रकट होता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ लोगों ने उस समय में काम किया है जब पार्टी के समक्ष विपरीत परिस्थितियां थी इतने संसाधन नहीं थे और देश कांग्रेसमय था, लेकिन फिर भी उन्होंने इस पार्टी का झंडा बुलंद किए रखा और आज यह विचारधारा पूरी दुनिया में अपना परचम लहरा रही है।
कार्यक्रम संयोजक वीरेंद्र तिवारी ने कहा भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जिसमें वरिष्ठों का सम्मान किया जाता है। यही कारण है कि आज इस सम्मेलन में इतनी बड़ी संख्या में वरिष्ठ जन दिख रहे हैं।
कार्यक्रम के सह संयोजक और पूर्व मंडल अध्यक्ष राजकुमार अरोड़ा ने कहा कि अंत्योदय का विचार लेकर 1952 से लेकर अब तक यह पार्टी चल रही है और जब तक समाज के अंतिम छोर पर बैठे हुए व्यक्ति की परेशानियां या समस्याएं खत्म नहीं हो जाती तब तक यह दल अपने उस लक्ष्य को लेकर काम करता रहेगा। इस अवसर पर हरिद्वार में जनसंघ के समय के दिवंगत नेता स्व. राममूर्ति वीर, स्व. कृष्णमूर्ति भट्ट, स्व. वैद्य पदम चंद गुप्ता, स्व. वैद्य रघुवीर सिंह बेदी को भी याद किया गया।
कार्यक्रम में 90 वर्ष की आयु के जन संघ के स्वयंसेवक और पार्टी कार्यकर्ता रेवत लाल अरोड़ा सहित वहां उपस्थित 153 कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।