दबंगई दिखाई तो पुलिस ने काट दिया चालान

06HREG46 दबंगई दिखाई तो पुलिस ने काट दिया चालान

हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। सपरिवार गंगा नहाने आए एक युवक ने खुद को दिल्ली पुलिस का कॉन्स्टेबल बताते हुए जमकर हंगामा काटा। इसके बाद पुलिस ने युवक का चालान काट दिया है। घटना कनखल थाना क्षेत्र स्थित विश्वकर्मा घाट की बताई जा रही है।

चार धाम यात्रा और गर्मी की छुट्टियों के चलते इन दिनों हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में धर्म नगरी हरिद्वार की सड़कों पर जगह-जगह जाम की स्थिति बनी हुई है। लोगों को कई घंटे जाम में फंसकर घंटों पसीना बहाना पड़ रहा है। जिसे लेकर यातायात पुलिस भी लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में दिल्ली से परिवार के साथ नहाने आए एक युवक ने अपनी कार सड़क पर खड़ी कर दी और परिवार के साथ गंगा नहाने चला गया। मौके पर पहुंची यातायात पुलिस ने इस कार का चालान काटना चाहा तो युवक ने खुद को दिल्ली की यातायात पुलिस का सिपाही बताते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामा बढ़ते देख मौके पर अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। इस दौरान युवक ने रौब गालिब करते हुए खुद को दिल्ली का कांस्टेबल बताते हुए यातायात महिला कांस्टेबल के साथ अभद्रता भी की। इसके बाद यातायात पुलिस ने युवक की गाड़ी का चालान कर दिया। इसी के साथ यातायात पुलिस की महिला सिपाही की ओर से मामले की लिखित शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

एसपी ट्रैफिक रेखा यादव के अनुसार दिल्ली पुलिस के आलाधिकारियों से भी इसकी शिकायत की जायेगी। उन्होंने कहा कि वीडियो में युवक द्वारा अपने आपको दिल्ली पुलिस का कॉन्स्टेबल बताया जा रहा है, जिसके लिए वेरिफिकेशन किया जा रहा है। यदि यह सही साबित होता है, तो हमारे द्वारा पत्र भेजकर इसकी शिकायत की जाएगी। इसके साथ ही महिला पुलिसकर्मी से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है।