30HREG97 एक सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना पर्यावरण के बिना अधूरीः गिरीश चंद्र बलूनी
-पर्यावरण संरक्षण में जल की हर एक बूंद अहमः प्रो. बत्रा
हरिद्वार, 30 जून (हि.स.)। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में शुक्रवार को पर्यावरण प्रकोष्ठ, आन्तरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ तथा नेहरू युवा केंद्र हरिद्वार द्वारा ‘कैच द रेन अभियान’ के अन्तर्गत जनजागरूकता के लिए जल संरक्षण एवं जल संवर्धन विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड्स की राष्ट्रीय परिषद के सलाहकार गिरीश चंद्र बलूनी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बलूनी ने इस अवसर पर उत्तराखंड के जल संसाधन में लगातार हो रही कमी को समझाते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के बिना एक सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना नहीं की जा सकती हैं। उन्होंने उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में हो रही जल संकट की समस्या का उल्लेख करते हुए बताया कि वैश्विक स्तर पर हो रही जल संकट की समस्या को स्थानीय स्तर पर किए गए प्रयासों से ही हल किया जा सकता हैं। बलूनी ने एसएमजेएन पीजी कॉलेज एवं नेहरू युवा केन्द्र हरिद्वार द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में चलाए जा रहे संयुक्त प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार के साथ मिलकर महाविद्यालय एवं नेहरू युवा केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों को उत्तराखंड समेत पूरे देश तक पहुंचाए जाएंगे।
कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सुनील बत्रा ने समाज के प्रत्येक वर्ग को पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने धारणीय विकास की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पृथ्वी पर जीवन के अस्तित्व को बनाए रखने हेतु संसाधनों का संरक्षण आवश्यक हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन पर्यावरण प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ विजय शर्मा ने किया। डॉ शर्मा ने भूजल स्तर में हो रही गिरावट तथा उसके समाधान के लिए वैज्ञानिक पक्ष रखा।