टूर डी सुइस रेस के दौरान खड्डे में गिरने से स्विस साइकिलिस्ट गीनो मैडर की मौत

17HSPO7 टूर डी सुइस रेस के दौरान खड्डे में गिरने से स्विस साइकिलिस्ट गीनो मैडर की मौत

नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। स्विस साइकिलिस्ट गीनो मैडर की शुक्रवार को मौत हो गई। 26 वर्षीय मैडर टूर डी सुइस रेस के दौरान एक खड्डे में गिरकर बेहोश हो गए थे। मैडर की टीम, बहरीन-विक्टरियस, ने कहा कि गुरुवार की दुर्घटना के बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया था, जहां शुक्रवार को उनकी मृत्यु हो गई।

बहरीन-विक्टोरियस के प्रबंध निदेशक मिलन एरजेन ने एक बयान में कहा, “हम अपने असाधारण साइकिल चालक गीनो मैडर के निधन से दुखी हैं। उनकी प्रतिभा, समर्पण और उत्साह हम सभी के लिए एक प्रेरणा थे। न केवल वह एक अत्यंत प्रतिभाशाली साइकिल चालक थे, बल्कि एक महान व्यक्ति भी थे। हम उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और इस कठिन समय के दौरान हमारी संवेदनाए उनके साथ हैं।”

इंटरनेशनल साइक्लिंग यूनियन (यूसीआई) ने एक बयान में कहा, “साइक्लिंग समुदाय ने आज एक होनहार युवा राइडर खो दिया है, जो हमारे खेल के महत्वपूर्ण अध्यायों का हिस्सा था। यूसीआई को उनके निधन से गहरा सदमा लगा है और हम मैडर के परिवार, दोस्तों और टीम के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।”

आठ दिवसीय टूर डी सुइस में छठे चरण की निर्धारित शुरुआत से लगभग 30 मिनट पहले मैडर की मृत्यु की घोषणा की गई और उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए एक मिनट का मौन रखा गया।