नस्लवाद के खिलाफ बात करना ही नहीं, बल्कि ठोस तरीके से कार्रवाई करना भी महत्वपूर्ण : जियानी इन्फेंटिनो

16HSPO8 नस्लवाद के खिलाफ बात करना ही नहीं, बल्कि ठोस तरीके से कार्रवाई करना भी महत्वपूर्ण : जियानी इन्फेंटिनो

जिनेवा, 16 जून (हि.स.)। इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ फुटबॉल एसोसिएशन (फीफा) के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने गुरुवार को रियल मैड्रिड फॉरवर्ड विनीसियस जूनियर, ब्राजील की राष्ट्रीय टीम और ब्राजीलियाई फुटबॉल परिसंघ (सीबीएफ) के अध्यक्ष एडनाल्डो रोड्रिग्स से मुलाकात की और नस्लवाद के खिलाफ एक टास्क फोर्स गठित करने पर चर्चा की।

22 वर्षीय विनीसियस जूनियर, इस सीजन में कई नस्लवादी घटनाओं का शिकार हुए हैं। नवीनतम घटना मई में हुई थी जब वालेंसिया के खिलाफ रियल मैड्रिड के मुकाबले के दौरान प्रशंसकों द्वारा उनसे नस्लीय दुर्व्यवहार किया गया था।

फीफा अध्यक्ष ने कहा, “नस्लवाद है तो कोई फुटबॉल नहीं है!नस्लवाद और भेदभाव के बारे में बात करना ही नहीं, बल्कि निर्णायक और ठोस तरीके से कार्रवाई करना भी बहुत महत्वपूर्ण है।”

उन्होंने कहा, “फीफा ब्राजीलियाई फुटबॉल परिसंघ और इस लड़ाई में सभी खिलाड़ियों के साथ है। खेल प्रतिबंधों को लागू करना महत्वपूर्ण है और मैं सीबीएफ को ऐसा करने के लिए बधाई देता हूं।”