14HREG224 नैनीताल में 100 वाहनों की बनेगी हाइड्रोलिक कार पार्किंग, शासन को भेजी गई डीपीआर
नैनीताल, 14 जून (हि.स.)। पर्यटन नगरी में करीब 100 वाहनों की एक हाइड्रोलिक कार पार्किंग के निर्माण की राह खुलती नजर आ रही है।
जिला विकास प्राधिकरण ने नगर के तल्लीताल क्षेत्र में नेशनल होटल के पास कार पार्किंग के निर्माण के लिए भूमि का चयन और अन्य औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। उम्मीद की जा रही है कि प्रस्ताव को शासन से अनुमति मिल जाएगी और नगर में लगभग 100 वाहनों के लिए हाइड्रोलिक कार पार्किंग का निर्माण शुरू हो जाएगा।
जिला विकास प्राधिकरण सचिव पंकज उपाध्याय ने बताया कि नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे लगभग 100 वाहनों के लिए हाइड्रोलिक कार पार्किंग का डीपीआर यानी विस्तृत प्रस्ताव एनएचएआई की कार्यदायी संस्था डीसीएल के द्वारा तैयार किया गया है और इसे शासन को भेज दिया गया है। डीपीआर को मंजूरी मिलते ही नैनीताल में हाइड्रोलिक कार पार्किंग का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी नगर में इसी स्थान के सााि मल्लीताल में नगर पालिका के पीछे घोड़ा पड़ाव, बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के पास व पुराने कोयला टाल के पास ऐसी ही पार्किंगों के निर्माण के प्रस्ताव बन चुके हैं। लेकिन यह कवायद धरातल पर नहीं उतर पाई। आगे उम्मीद करनी होगी ताजा कवायद रंग लाएगी और पार्किंग का निर्माण हो पाएगा।