14HSPO5 दिल्ली कैपिटल्स और कॉन्सिएंट स्पोर्ट्स मिलकर शुरु करेगें पांच क्रिकेट अकादमी
अगस्त, 2023 से शुरू की जाएंगी क्रिकेट अकादमियां
नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। कॉन्सिएंट स्पोर्ट्स और दिल्ली कैपिटल्स अगस्त, 2023 से पूरे दिल्ली एनसीआर में पांच क्रिकेट अकादमियां बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। शुरू होने के पहले वर्ष में ये क्रिकेट अकादमियां 5 वर्ष से लेकर 20 वर्ष तक उम्र के लगभग 500 उभरते हुए क्रिकेटरों के कौशल को निखारने की दिशा में काम करेगी।
इन खिलाड़ियों को दिल्ली कैपिटल्स टेक्निकल टीम द्वारा तैयार की गई ट्रेनिंग से होकर गुज़रना होगा। हर अभ्यास सत्र और मैच के दिन की तैयारी बहुत ही शानदार तरीके से दिल्ली कैपिटल्स के प्रशिक्षित प्रशिक्षकों ने की है, जिसकी समीक्षा टेक्निकल डायरेक्टर और मैनेजमेंट लगातार करते रहेंगे। इन खिलाड़ियों को टूर्नामेंट और लीग में खेलने का मौका भी दिया जाएगा।
कॉन्सिएंट स्पोर्ट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच की साझेदारी की घोषणा करते हुए कीर्ति जैन गुप्ता, एसोसिएट डायरेक्टर, कॉन्सिएंट स्पोर्ट्स ने कहा, “दिल्ली कैपिटल्स के साथ साझेदारी करना हमारे लिए सच में गर्व का क्षण है। पिछले एक दशक के दौरान, कॉन्सिएंट स्पोर्ट्स ने फुटबॉल क्लब ऑफ बार्सिलोना के साथ खास साझेदारी की मदद से जमीनी स्तर पर आयोजित किए जाने वाले फुटबॉल ट्रेनिंग प्रोग्राम में क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। अब हम जमीनी स्तर पर भारत के उभरते हुए क्रिकेटरों को खेल की गहरी समझ और प्रशिक्षण देना चाहते हैं। इन दो जानी-मानी इकाइयों के बीच की साझेदारी से क्रिकेट की कुशलता में गुणवत्ता और निरंतरता सुनिश्चित करने, व्यक्तित्व के संपूर्ण विकास और हमारे उभरते हुए क्रिकेटरों के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित करने में मदद मिलेगी।”
इस साझेदारी के बारे में धीरज मल्होत्रा, सीईओ, दिल्ली कैपिटल्स ने कहा, “कॉन्सिएंट स्पोर्ट्स ने भारत में फुटबॉल की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई है और हम उनके साथ मिलकर पांच क्रिकेट अकादमियां शुरू करने और अपनी क्षमता के हिसाब से क्रिकेट की प्रतिभा को निखारने में मदद करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। हम इस साझेदारी के लंबे समय तक चलने और इसके लाभदायक बने रहने की उम्मीद करते हैं।”
दिल्ली कैपिटल्स क्रिकेट एकेडमी में हर खिलाड़ी पर खास ध्यान दिया जाएगा और उन्हें क्रिकेट के हिसाब से अपनी खूबियों को समझने में मदद दी जाएगी। खिलाड़ी अपनी छिपी हुई क्षमताओं के बारे में जान सकें, इसके लिए कोच खिलाड़ियों के साथ समय बिताएंगे और उन्हें उनकी खूबियों को समझने में मदद करेंगे। इसके अलावा कोच खिलाड़ियों को बल्लेबाज़ी, गेंदबाज़ी, विकेट-कीपिंग, ऑलराउंडर के लिहाज़ से पसंद तय करने में मदद करेंगे।
कोच हर खिलाड़ी की खूबियों और दिलचस्पी के हिसाब से मूलभूत चीज़ों का प्रशिक्षण देना शुरू करेंगे। दिल्ली कैपिटल्स क्रिकेट एकेडमी के पाठ्यक्रम के मुताबिक, इन नए खिलाड़ियों को न सिर्फ सर्वश्रेष्ठ तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा, बल्कि उन्हें क्रिकेट के माध्यम से सम्मान, प्रयास और टीमवर्क जैसे मूल्यों के बारे में भी सिखाया जाएगा। हर अभ्यास सत्र और मैच के दिनों की तैयारी दिल्ली कैपिटल्स के प्रशिक्षित कोच करेंगे, ताकि बिल्कुल मैच जैसी स्थितियां पैदा की जा सकें और इनकी समीक्षा टेक्निकल डायरेक्टर व मैनेजमेंट टीम लगातार करते रहेंगे। दिल्ली कैपिटल्स क्रिकेट एकेडमी के लिए आगे की योजनाओं में दिल्ली कैपिटल्स द्वारा संभावनाओं को तलाशना और टूर्नामेंट व लीग तक पहुंच बनाना शामिल है।