कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ओडिशा की रेल दुर्घटना पर जताया दुख

03HREG83 कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ओडिशा की रेल दुर्घटना पर जताया दुख

देहरादून, 03 जून(हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने ओडिशा के बालासोर में हुई भीषण हृदय विदारक तिहरी रेल दुर्घटना पर गहरा दु:ख जताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने रेल दुर्घटना में मारे गये लोगों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माहरा ने कहा कि इस हृदय विदारक दुर्घटना से कई लोग असमय काल कवलित हो गये हैं। उनके परिजनों के लिए यह असहनीय दु:ख है। हम उनके दु:ख को बांट तो नहीं सकते, लेकिन इस दु:ख की घडी में पूरा देश उनके साथ है।

उन्होंने इस प्रकार की रेल दुर्घटनाओं को अभिशाप बताते हुए कहा कि ऐसे हृदय विदारक हादसों को रोकने के उपाय होने चाहिए। उन्होंने मृतकों की आत्म शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हुए कहा कि इस दु:ख की घड़ी में पूरा देश रेल हादसे में मारे गये लोगों के परिजनों के साथ है। हम सभी की प्रार्थना है कि ईश्वर मृतकों की आत्मा को शान्ति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की शक्ति देंं।