सदी के सबसे बड़े रेल हादसे के लिए केंद्र जिम्मेदार : धस्माना

03HREG102 सदी के सबसे बड़े रेल हादसे के लिए केंद्र जिम्मेदार : धस्माना

देहरादून 03 जून (हि.स.)। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने ओडिशा के बालासाेर में हुई सदी की सबसे भीषण रेल दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। धस्माना ने रेल दुर्घटना में मारे गए सैकड़ों यात्रियों की आत्मा की शांति और दुर्घटना में घायल सैकड़ों लोगों की कुशलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

सूर्यकांत धस्माना ने शनिवार को कहा कि इस दुख और शोक के माहैल में वे राजनैतिक बयानबाजी नहीं करना चाहते, लेकिन इतनी बड़ी जनहानि के लिए कौन जिम्मेदार है? इसके बारे में प्रधानमंत्री को तत्काल जवाब देने चाहिए क्योंकि पिछले नौ वर्षों में देश में जितनी भी नई रेल चलीं या नए स्टेशन बने उनके उद्घाटन प्रधानमंत्री के ही कर कमलों से हुए और देश के अधिकांश लोग उन्हीं को रेल मंत्री समझते हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में देश की रेल लाइनों रेल यातायात की सुरक्षा को नजरअंदाज किया गया और केवल चमक दमक व दिखावे पर ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि रेल का बजट अलग से प्रस्तुत किये जाने का प्रावधान करने वाले हमारे पुरखे मूर्ख नहीं थे,लेकिन कुछ अलग करने की सनक में मोदी जी ने देश के रेल बजट को ही आम बजट में मर्ज कर दिया, जिसके दुष्परिणाम आज देश को भुगतने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस कवच सिस्टम के बारे में इतना बढ़-चढ़ कर प्रचार किया गया था। इस भीषणतम दुर्घटना में उसने काम क्यों नहीं किया, इसका जवाब भी रेल मंत्रालय और रेल विभाग को देना पड़ेगा।