मुंबई सिटी एफसी ने फॉरवर्ड आयुष छिकारा के साथ किया तीन साल का अनुंबध विस्तार

16HSPO10 मुंबई सिटी एफसी ने फॉरवर्ड आयुष छिकारा के साथ किया तीन साल का अनुंबध विस्तार

मुंबई, 16 जून (हि.स.)। मुंबई सिटी एफसी ने फॉरवर्ड आयुष छिकारा के साथ तीन साल का अनुंबध विस्तार किया है। आयुष अब मई 2026 तक क्लब में बने रहेंगे।

हरियाणा में जन्मे, आयुष ने अक्टूबर 2020 में मुंबई सिटी एफसी के साथ जुड़ने से पहले रिलायंस फाउंडेशन यंग चैंप्स के साथ अपनी फुटबॉल यात्रा शुरू की थी। 2020-21 सीज़न में सुदेवा दिल्ली में अपना पहला साल बिताने के बाद, आयुष चोटिल हो गए थे, जिसके कारण वह एक साल तक फुटबॉल से दूर रहे। 20 वर्षीय आयुष ने 2022 डूरंड कप में पहली टीम के लिए डेब्यू करते हुए, मुंबई के लिए शानदार वापसी की।

आयुष को 2023 के सुपर कप में मुंबई सिटी एफसी की अखिल भारतीय टीम में भी शामिल किया गया था, जहां उन्होंने चेन्नईयिन एफसी के खिलाफ 1-0 की जीत में एकमात्र गोल किया।

करार विस्तार पर आयुष ने कहा, “इस क्लब में मेरा अब तक का समय मेरे लिए सीखने का एक अविश्वसनीय अवसर रहा है, और मैं मुंबई सिटी एफसी के साथ अपनी यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए रोमांचित हूं। ऐसे प्रतिभाशाली साथियों के साथ होना और डेस बकिंघम जैसे कोच के साथ काम करना एक सच्चा सौभाग्य है। क्लब ने बिना किसी शर्त के मेरा समर्थन किया है और मैं मुंबई सिटी के मुझ पर दिखाए गए विश्वास का आभारी हूं। हर बार जब मैं बैज पहनता हूं तो अधिक से अधिक गोल करना चाहता हूं।”

कोच डेस बकिंघम ने कहा,“आयुष ने पिछले 12 महीनों में बहुत मेहनत की है और परिणामस्वरूप अपना पहला पेशेवर गोल किया। उनके पास एक युवा, घरेलू सेंटर फॉरवर्ड के रूप में कई अनूठी और सकारात्मक विशेषताएं हैं और वह उत्कृष्ट क्षमता वाला एक रोमांचक खिलाड़ी है। आयुष ने अगले तीन वर्षों तक अपने विकास के लिए हमारे क्लब पर भरोसा किया है और मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि हम एक साथ कहां तक जा सकते हैं।”