लाड़ली बहना योजना में राशि बढ़ाने की घोषणा पर कमलनाथ बोले- आदर, सम्मान और स्नेह की कभी बोली नहीं लगाई जाती

11HREG80 लाड़ली बहना योजना में राशि बढ़ाने की घोषणा पर कमलनाथ बोले- आदर, सम्मान और स्नेह की कभी बोली नहीं लगाई जाती

भोपाल, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार की लाड़ली बहना योजना पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। मुख्यमंत्री शिवराज द्वारा योजना की राशि बढ़ाये जाने की घोषणा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने इस पर निशाना साधा है। उन्होंंने ट्वीट कर कहा है कि आदर, सम्मान और स्नेह कि कभी बोली नहीं लगाई जाती। इसमें कोई मोल-भाव नहीं होता। यह हृदय और भावना के विषय हैं। लेकिन कल जिस तरह से लाडली बहना योजना में आपने रकम बढ़ाने के दावे किए वह किसी भाई का प्रेम नहीं बल्कि किसी सौदागर की सौदेबाजी लग रही थी।

कमलनाथ ने रविवार को अपने ट्वीट में कहा कि इस तरह बोली लगाना मध्यप्रदेश की परंपरा नहीं। मध्य प्रदेश भारत का हृदय प्रदेश है। हम दिल जोड़ते हैं, रिश्ते जोड़ते हैं, संबंध जोड़ते हैं। लेकिन आपका भी कोई कसूर नहीं है, सौदेबाजी की सरकार सौदेबाजी की भाषा ही बोल सकती है। आपका आत्मविश्वास हिल चुका है। प्रदेश की समस्त जनता और नारी शक्ति आपके झूठ को समझ चुकी है। सौ बार झूठ को दोहराने से वह सत्य नहीं हो सकता।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए मध्य प्रदेश की बहनें सौदेबाजी की सरकार की सौदेबाजी की घोषणाओं पर विश्वास नहीं कर रही हैं उन्हें पता है कि चार महीने बाद कांग्रेस सरकार बनेगी और उन्हें नारी सम्मान योजना में 1500 रुपये हर महीने और 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिलेगा। बहनों के परिवारों को 100 यूनिट बिजली बिल माफ और 200 यूनिट हाफ मिलेगी। प्रदेश की नारी को समग्र सम्मान मिलेगा। जय नारी, जय मध्यप्रदेश।