माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई जायज : महेन्द्र भट्ट

14HREG415 माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई जायज : महेन्द्र भट्ट

-पंचायतों के आयोजन के बजाय जागरुकता जरूरी

देहरादून, 14 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लव जिहाद जैसे प्रकरणों से प्रदेश का माहौल खराब करने वालों पर हो रही कार्रवाई को सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि पंचायत नहीं समाज में जागरूकता की जरुरत है।

पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने पत्रकारों के सवालों का जबाव देते हुए कहा कि जब से प्रदेश में कठोरतम धर्मांतरण कानून आया है, तब से लव जिहाद जैसे प्रकरण बड़े पैमाने पर सामने आ रहे हैं। हम ऐसी गतिविधियों में लिप्त लोगों को किसी समुदाय विशेष से नहीं जोड़ते हैं लेकिन ऐसे लोगों की स्वीकार्यता नहीं है।

पार्टी का स्पष्ट मत है कि जिस भी समुदाय के लोग इस तरीके की घटनाओं को अंजाम देकर राज्य की शांति व्यवस्था और देवभूमि की छवि बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, उनके खिलाफ कठोर से कठोर कार्यवाही होनी चाहिए।

महेन्द्र भट्ट ने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था को लेकर इस पूरे मुद्दे पर बेहतर कार्य कर रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन की भी एक सीमाएं होती है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि पंचायतों से जुड़े लोगों, संस्थाओं एवं आंदोलन से जुड़े समाज के विभिन्न वर्गों को ऐसे अपराधों को लेकर समाज और अपने आसपास जागरूकता फैलाने की जरूरत है, जिससे इस तरह की घटनाओं पर स्थायी रूप से रोक लग सके। सरकार शांति, सुरक्षा और सौहार्द स्थापित करने के लिए पूरा प्रयास कर रही है। फिलहाल प्रशासन की सख्ती से उत्तरकाशी में स्थिति बेहतर हुई है और ऐसे में आम जनता को भी जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ आगे आना चाहिए।