29HREG159 नाबालिग छात्रा के मामले को लेकर पुरोला में फूटा जन आक्रोश
-समुदाय विशेष के दो युवकों के नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर भगाने का किया था प्रयास
उत्तरकाशी 29, मई (हि.स.)। चार दिन पूर्व समुदाय विशेष के दो युवकों के पुरोला की एक नाबालिग छात्रा को बहला फुसला कर फरार करने के मामले में क्षेत्र में भारी जन आक्रोश है। सोमवार को पुरोला में विभिन्न संगठनों ने जन आक्रोश रैली निकाली। इधर पुलिस ने तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुरोला में भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं ।
सोमवार को नाबालिग लड़की को अपहरण करने के मामले को लेकर लोगों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। दूरदराज गांवों समेत नगर पंचायत क्षेत्र के युवाओं महिलाओं,व्यापारियों सहित कई संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बाजार में जबरदस्त धरना प्रदर्शन और नारेबाजी कर समुदाय विशेष के लोगों को बाजार से दुकानें खाली करने की चेतावनी दी साथ ही भविष्य में इस प्रकार से घटनाओं की पुनरावृति न हो इसके लिए समुदाय विशेष के व्यापारियों को आगाह किया।
घटना से आक्रोशित लोगों ने ढोल -नगाड़ों के साथ छाड़ा खड्ड पर एकत्रित होकर भारी पुलिस बल व कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट रोड होते हुए मोरी रोड,कुमोला रोड, मंदिर मार्ग होते हुए मुख्य बाजार तक जुलूस प्रदर्शन व नारेबाजी कर एसडीएम देवानंद शर्मा के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में समुदाय विशेष के पुरोला में स्थित अपराधी किस्म के व्यवसाइयों को तत्काल हटाने की मांग की और आक्रोशित भीड़ ने समुदाय विशेष की दुकानों में लगे बोर्ड भी हटाये। घटना के विरोध में सोमवार को सुबह से ही नगर क्षेत्र के तमाम व्यावसायिक संस्थान, दुकानें,होटल आदि बंद रहे। मामले की संवेदनशीलता को का देखते हुए सुबह से ही पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर नगर के चप्पे चप्पे में भारी पुलिस बल की तैनाती की है।
सीओ सुरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि जन आक्रोश को देखते हुए पुलिस सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण जुलूस प्रदर्शन रहा, सभी से शांति बनाए रखने की अपील की गई है,नाबालिग युवती प्रकरण में विवेचना जारी है।
धरना प्रदर्शन करने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजमोहन चौहान,भाजपा जिला महामंत्री पवन नौटियाल, आचार्य लोकेश बडोनी मधुरजी,अमीचन्द शाह,गंभीर सिंह चौहान,बलदेव रावत,राजपाल पंवार, बलदेव असवाल,चंद्रमोहन रावत,रामचंद्र पंवार,चंद्रमोहन कपूर , विरेंद्र सिंह रावत ,प्यारेलाल हिमानी,प्रकाश कुमार, गोबिंद पंवार, अंकित रावत, पवन तोमर, दिवाकर उनियाल, सुसील चमोली, नरेश, गोबिन्द चौहान, रमेश दत्त आदि सैकड़ों लोग मौजूद थे।