मुरैना: सफारी में बीहड़ व चम्बल का लुत्फ उठा रहे पर्यटक

23HREG291 मुरैना: सफारी में बीहड़ व चम्बल का लुत्फ उठा रहे पर्यटक

मुरैना, 23 मई (हि.स.)। चम्बल बीहड़ सफारी ने पर्यटकों के दिलों-दिमाग में अपना घर बनाना शुरू कर दिया है। अब यहां आए दिन पर्यटकों द्वारा सफारी का भ्रमण कर बीहड़ व चम्बल नदी के तट पर जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।

पर्यटकों ने माना अंचल की धरती विदेशों से भी सुन्दर दिखाई दे रही है। यह स्थान निरंतर विकसित होना चाहिए, इसके लिये प्रचार-प्रसार की अत्यधिक आवश्यकता है। चम्बल बीहड़ सफारी जिले की सबलगढ़ जनपद की ग्राम पंचायत कड़ावना में भर्रा घाट पर निर्मित की गई है। यहां अब पर्यटकों का आना आरंभ हो गया है।

मुरैना जिले में बीहड़ सफारी देखकर बहुत ही सुखद अनुभव और अच्छा लगा। यहां के दुर्लभ रास्ते बहुत रोमांचक है, यहां का बीहड़ भी बहुत रोमांचक है। हम सभी लोगों ने मिलकर बच्चों के साथ अपने परिवार के साथ आनन्द लिया। हमारे साथ जिला पंचायत एवं ग्राम पंचायत के अधिकारी, कर्मचारीगण भी सहयोग एवं मार्गदर्शन हेतु साथ रहे।

चम्बलांचल को देशभर में विख्यात करने के लिये जिला प्रशासन द्वारा बीहड़ सफारी की परिकल्पना को मूर्तरूप दिया गया है। इसकी प्रेरणा केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने प्रदान की। इस पर जिला प्रशासन के दल द्वारा 5 माह तक क्रियान्वयन किया गया। इस माह के प्रथम सप्ताह में बीहड़ सफारी के शुभारंभ पश्चात कलेक्टर अंकित अस्थाना के मार्गदर्शन में संचालन किया जा रहा है। इस बीहड़ सफारी को और बेहतर बनाने के लिये कलेक्टर द्वारा योजना से सम्बन्ध अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।