एक किलो चरस के साथ टूरिस्ट गाइड गिरफ्तार

29HCRI16 एक किलो चरस के साथ टूरिस्ट गाइड गिरफ्तार

देहरादून, 29 मई (हि.स.)। उत्तराखंड पुलिस ने एक किलो चरस के साथ टूरिस्ट गाइड को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक नगर सरिता डोभाल ने बताया कि सत्यापन की कार्रवाई के परिणाम स्वरूप थानाध्यक्ष रायपुर को मिली महत्वपूर्ण जानकारियों के चलते सूचना मिली कि एक मुख्य पैडलर सहारनपुर से चरस लेकर रायपुर क्षेत्र में डिलीवरी के लिए पहुंच रहा है। थानाध्यक्ष रायपुर ने एक पुलिस टीम गठित की।

पुलिस टीम ने आदर्श कुमार निवासी 88 अहीर मंडी हाथीबड़कला को एक किलो चरस के साथ रायपुर रोड गुरुद्वारा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया गया कि 2017 तक वह करौवली अकॉर्डशिप मैनेजमेंट कंपनी मुंबई में मर्चेंट नेवी में था। चोट लगने की वजह से बाहर हो गया था। उसके बाद उसने खुद की ट्रैवलिंग गाइड कंपनी खोली, जिसमें वह पर्यटकों को ऋषिकेश, उत्तरकाशी टैक्सी उपलब्ध कराकर कमीशन एजेंट के रूप में कार्य करता है। उसने अपने खर्चे और नशे की पूर्ति के लिए उसने ड्रग्स को बेचना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे उसका लालच बढ़ता चला गया और वह अधिक मात्रा में नशे का कारोबार करने लगा। इसी के चलते गत दिवस वह सहारनपुर के मिर्जापुर गया जहां से उसने एक किलो चरस खरीदी और उसे बेचने के लिए रायपुर क्षेत्र में आया था।

उसने अपने साथ एक दोस्त को भी साथ में चलने को कहा था, लेकिन उसने रायपुर का नाम सुनकर पुलिस के डर से आने को मना कर दिया फिर वह अकेले अपनी स्कूटी में चरस लेकर रायपुर पहुंचा।