अपडेट…’अपने काम के बूते भाजपा 2024 में सभी रिकार्ड को तोड़ेगी’

20HREG352 अपडेट…’अपने काम के बूते भाजपा 2024 में सभी रिकार्ड को तोड़ेगी’

-राष्ट्र नायक के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : तरुण चुघ

-उतराखंड को श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए मोदी को प्रधानमंत्री बनना जरूरी : धामी

-हैट्रिक के साथ रिकॉर्ड मतों से जीत के लिए जुटें कार्यकर्ता : महेन्द्र भट्ट

देहरादून, 20 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महा जनसंपर्क अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी तरुण चुघ ने कहा कि राष्ट्र नायक और बदलते भारत में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 9 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियाें को कार्यकर्ता अंतिम छोर में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाएं।

शनिवार को हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑफ़ इंडिया के ऑडिटोरियम में प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र को संबोधित करते हुए महा जनसंपर्क अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी तरुण चुघ ने बातें कहीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्र नायक के कार्यों को बदलते भारत में सहयोग को आगे बढ़कर जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता मिशन के तौर पर लेकर जाएंगे।

राष्ट्रीय प्रभारी चुघ ने कहा कि कहा कि विकास के लिए सिर्फ मोदी जरूरी है,काम के बूते भाजपा 2014 व 2019 के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए शानदार जीत अर्जित करने जा रही है। कार्यकर्ताओं ने ठान लिया है कि उन्हें विपक्ष की लंगड़ी सरकार नही बल्कि भाजपा की मजबूत सरकार चाहिए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने 09 वर्षों में देश में विकास नई लकीर खींची है वहीं विपक्ष की सरकारें अपने 60 साल से अधिक के कार्यकाल में नही कर पाई हैं। आज हम 9 वर्ष में विश्व की 10वीं अर्थव्यवस्था से छलांग लगते हुए 5 बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं। आज ग्लोबल स्तर पर कोई भी बड़ा निर्णय पीएम मोदी की राय के बिना नही होता है।

उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक,धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों और सभ्यताओं को नई और पहले से बेहतर पहचान मिल रही है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य भी विकास पथ पर तेजी से बढ़ रहा है। केन्द्र और राज्य सरकार के कामों को आदर के साथ विशेषकर वंचितों, शोषितों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि आज विकास का डबल इंजन पहाड़ से लेकर मैदान और कुमायूं से लेकर गढ़वाल तक बड़ी तेजी से दौड़ रहा है। आमजन के आशीर्वाद से तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए काम करना है। केन्द्र में भाजपा आती है तो 2025 तक राज्य को श्रेष्ठ राज्य बनाने के सपने को पूरा में लाभकारी साबित होगा।

प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने सभी सांसदों और विधायकों से अपने अपने कामों का लेखा जोखा जनता के सामने अधिक से अधिक प्रस्तुत करने का आग्रह किया। उन्होंने सेंट्रल विस्टा का विरोध करने वाले विपक्षी पार्टियों पर आरोप लगाया कि 28 जून को देश को नई संसद बिल्डिंग मिलने का स्वागत देश की जनता कर रही है,लेकिन उन्हीं लोगों को तकलीफ हो रही है, जिनको मौजूदा संसद के आसपास की बिल्डिंगों में चल रहे सरकारी ऑफिसों से 800 करोड़ से अधिक का किराया मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के आने के बाद नया भारत सामने आया है, अब विश्व का नजरिया और प्रतिष्ठा देश के प्रति बदला है। देश का राजनैतिक माहौल भी बदला है जो खुद को दुर्भाग्य से हिन्दू बताते थे। राम को कल्पना बताते थे। मंदिर जाने वालों को लड़की छेड़ने वाला बताते थे आज वही मंदिरों के चक्कर लगाते हुए जनेऊ दिखा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जमानत पर बाहर और भ्रष्टाचार में लिप्त पार्टी नेता ईमानदारी का ढोल पीट रहे हैं। हमें जनता के मध्य इनकी सच्चाई को सामने लाना है। आज देश को आतंकवाद से मुक्ति मिली है और चारों और शांति है, सार्वजनिक स्थानों और लोगों के मनमस्तिष्क से भी विस्फोटक या आपत्तिजनक सामग्री होने की चेतावनी भी मिट गई हैं।

उद्घाटन और अध्यक्षीय भाषण में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सभी सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों व अन्य तमाम जनप्रतिनिधियों को गंभीरता और मजबूती से इस अभियान को लेना होगा। हम प्रदेश की सभी 5 लोकसभा सीट जीतने जा रहे हैं, लेकिन हमको जीत के अंतर को रिकॉर्ड संख्या में बढ़ाना है। इसके लिए हमें 51 फीसदी के लक्ष्य प्राप्ति की और बढ़ना है।

कार्यसमिति में पार्टी प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार ने राष्ट्रव्यापी महा जनसंपर्क अभियान को लेकर पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी व समयबद्धता की जानकारी साझा की। इसी दौरान प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र बिष्ट ने मन की बात कार्यक्रम, आदित्य कोठारी ने बूथ सशक्तिकरण, आशा नौटियाल ने महिला मोर्चा,योगेंद्र पुंडीर ने किसान मोर्चा, समीर आर्य अनुसूचित जनजाति, इंतजार हुसैन अल्पसंख्यक मोर्चा, राकेश गिरी ने ओबीसी मोर्चा, राकेश राणा ने जनजाति मोर्चा के अब तक के कार्यक्रमों पर रिपोर्ट प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के अंत में कार्यसमिति ने दिवंगत मंत्री चंदन रामदास,वरिष्ठ पार्टी नेत्री स्वर्गीय सुशीला बलूनी, स्वर्गीय महेश्वर बहुगुणा समेत अनेक पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करते हुए मौन श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट,पूर्व सीएम डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र रावत, तीर्थ सिंह रावत, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, अजय टम्टा,कल्पना सैनी, पार्टी विधायक एवं पार्टी प्रदेश पदाधिकारी समेत कार्यसमिति सदस्य शामिल हुए।