केदारनाथ हाइवे पर दो वाहनों में टक्कर में 7 यात्री घायल

20HREG240 केदारनाथ हाइवे पर दो वाहनों में टक्कर में 7 यात्री घायल

– हाइवे पर रुद्रप्रयाग से पांच किमी दूर हुआ हादसा

रुद्रप्रयाग, 20 मई (हि.स.)। केदारनाथ हाइवे पर रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से लगभग चार किमी दूर भटवाड़ी सैंण में दो यात्री वाहनों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि एक वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दूसरा वाहन सड़क पर ही पलट गया। वाहनों में सवार सात यात्री घायल हो गये।

घटना में एक बाइक सवार को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया है, जबकि दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जेसीबी मशीन के जरिये हाइवे किनारे किया गया।

शनिवार को जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग से लगभग पांच किमी दूर केदारनाथ हाइवे पर दिल्ली और राजस्थान से आये यात्रियों के वाहन में जोरदार टक्कर हो गई। आपदा प्रबंधन रुद्रप्रयाग से के अनुसार राजस्थान की एक यूटलिटी सोनप्रयाग से लौट रही थी, जबकि दिल्ली से आये यात्री अपनी मारुति जेन कार में सवार होकर केदारनाथ जा रहे थे। इस दौरान भटवाड़ीसैंण में दोनों वाहन आपस में भिड़ गये। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना मिलने पर डीडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों वाहनों में सवार सात घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया। बाद में दोनों वाहनों को जेसीबी मशीन के जरिये हाईवे के किनारे लगाया गया। जो यूटिलिटी वाहन था, वह केदारनाथ से भंडारा लगाकर लौट रहा था और वाहन में पूरा भंडारे का सामान था। बताया जा रहा है कि कार काफी तेज स्पीड में थी, जिस कारण यह हादसा हुआ।

पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार ने बताया कि केदारनाथ हाईवे के भटवाड़ीसैंण में यह हादसा हुआ। ओवर स्पीड हादसे का कारण बताया जा रहा है।