29HREG354 रतलाम : त्रिवेणी मेला ग्राउंड के पास रतलाम विकास प्राधिकरण ला रहा 70 एकड़ में आवास योजना
रतलाम, 29 मई (हि.स.)। रतलाम विकास प्राधिकरण शहर के विकास के लिए संकल्पबद्ध है। इसके द्वारा अनेक कालोनियों का विकास किया गया है, जिसकेे कारण शहरी आवास योजना को काफी बल मिला वहींं लोगों की आवास समस्या भी हल हुई है। इसी क्रम में त्रिवेणी मेला ग्राउंड के नजदीक साढ़े तीन सौ बीघा (70.28 हेक्टर क्षेत्र) मेें आवासीय योजना प्रस्तावित है। इस पर 84.16 करोड़ रुपये व्यय होगा।
प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए बताया कि यह योजना एमआर-2 से दोनों तरफ लगा हुआ क्षेत्र है, जिसमें 66.778 भूमि निजी है, जबकि शासकीय भूमि का रकबा 1.35 हेक्टर है। प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित इस योजना को सभी विभागों से अनुमोदन प्राप्त हो गया है। इस पर शीघ्र ही कार्य प्रारंभ होगा।
इस योजना में खेल का मैदान, उद्यान, शाला, औषधालय, अग्निश्मन सेवाओं, सार्वजनिक स्थलों का पूरा ध्यान रखा गया है। नगर विकास योजना की कुल लागत 84.16 करोड़ है। जिसमें मुख्य व्यय, अर्थ वर्क , सडक़, डिवाइडर के विकास, ड्रेनेज,मलवहन प्रणाली, जलप्रदाय व्यवस्था, सडक लाईट, पार्क निर्माण, नलकूप, विद्युत प्रवाह प्रणाली के विकास पर होगा।
श्री पोरवाल ने बताया कि विकास की लागत प्रति हेक्टर 1.20 करोड़ रुपये आने की संभावना है। इसके बाद से यदि प्राधिकरण को आने वाली भूमि को प्रति वर्ग मीटर 7500 रुपये की कीमत प्राप्त होती है तो प्राधिकरण को रुपये 107.58 करोड़ रुपये की आय होगी। इससे प्राधिकरण को कुल मुनाफा 23.41 करोड़ रुपये होगा, जिसमें प्राधिकरण की आगामी योजनाओं को प्रारंभ किया जा सकेगा। इस योजना के अंतर्गत 136 खातेदारों की भूमि को लिया गया है। इस योजना की क्रियान्वयन की अवधि छ: माह निर्धारित की गई है तथा अनुबंध के आधार पर रायपुर के एक कन्सलटेंट को एजेन्सी के रुप में नियुक्त किया है।
एक प्रश्न के जवाब में पोरवाल ने बताया कि प्राधिकरण की अधिकांश कालोनिया नगर निगम के सुपूर्द कर दी गई है और जहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है वहां पर शीघ्र ही आवश्यकतानुसार कार्य किया जाएगा। शीघ्र ही मुख्यमंत्रीजी को आमंत्रित कर इस विकास योजना का कार्य प्रारंभ करवाया जाएगा, ताकि विधानसभा चुनाव के पूर्व यह योजना गति पकड़ सके।
उन्होंनेे बताया कि विगत एक दशक से भी अधिक समय तक प्राधिकरण में कोई जनप्रतिनिधि नहीं था इससे प्राधिकरण की विकास योजनाओं को गति नहीं मिली। मुख्यमंत्री, संबंधित विभाग के मंत्री तथा प्रशासनिक सहयोग से प्राधिकरण के रुके कार्यों को गति प्रदान की जाएगी। प्राधिकरण के माध्यम से शहर के विकास में फण्ड की कोई कमी नहीं आऐगी। यह सरकारी एजेन्सी है इसलिए नियमों से बंधे हुए है और नियम पूर्वक ही कार्य करते हुए जनसुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा कि हर शहर में प्राधिकरण के माध्यम से पत्रकार कालोनियां बने इस संबंध में मुख्यमंत्रीजी का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। हम रतलाम में नियम के तहत पत्रकार कालोनी का निर्माण करेंगे ताकि स्थानीय पत्रकारों की आवास समस्या हल हो सके।
उन्होंने शहर केे विकास में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूूमिका का जिक्र किया और अपेक्षा की कि सभी साथियों का सकारात्मक सहयोग प्राधिकरण को मिलेगा ताकि हम अपने कार्यों में सफल हो सके। प्राधिकरण की आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ किया जाएगा, उसके लिए भी योजनाएं तैयार की जा रही है।