11HCRI46 रतलाम : 11 लाख की अफीम के साथ एक आरोपित गिरफ्तार, एक फरार
रतलाम, 11 मई (हि.स.)। जिले की आलोट पुलिस ने पिपलौदा क्षेत्र केे उपरवाड़ा गांव के वासुदेव पाटीदार के कब्जे से 7 किलो अफीम के साथ उसकी पल्सर मोटरसाइकल जब्त कर गिरफ्तार किया, जिसकी कीमत 11 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार गुरूवार को पुलिस को मुखबिर से खबर मिली थी कि आरोपित 30 वर्षीय वासुदेव पुत्र रामेश्वर पाटीदार अफीम लेकर ट्रेन से पंजाब जाने के लिए रेलवेे स्टेशन आने वाला है। उक्त सूचना पर थाना प्रभारी शिवमंगलसिंह सेंगर द्वारा टीम बनाकर आरोपित को मीणा कालोनी कालका माता मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। यह मोटर साइकल पर सवार था। इसके कब्जे से सात किलो अफीम बरामद कर धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत कायमी कर जांच की जा रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि रोजाना (पिपलौदा) निवासी अपने रिश्तेदार भेरूलाल पाटीदार से अफीम खरीदकर लाया था और ट्रेन से पंजाब के लिए जाने वाला था। यह आरोपित पूर्व में भी जावरा में तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका था। एक अन्य आरोपित जिससे यह अफीम लाया था भेरूलाल पुत्र रामलाल निवासी रोजाना थाना पिपलौदा फरार है।