19HREG133 राजभवन गोल्फ कोर्स का नैसर्गिक सौंदर्य अप्रतिम : लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह
देहरादून, 19 मई (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने शुक्रवार को राजभवन में गोल्फ क्लब, नैनीताल के 18वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का टी ऑफ खेल कर शुभारंभ किया। 3 दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा।प्रतियोगिता के लिए इस साल 125 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। आज पहले दिन 58 गोल्फर खेले, जिनमें 9 महिलाएं व 9 जूनियर गोल्फर्स शामिल हैं।
राजभवन देहरादून की जानकारी के अनुसार राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने कहा कि गोल्फ प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ी हमारे ब्रांड एंबेसडर हैं। यहां खेलने वाले खिलाड़ी गोल्फ खेल के साथ-साथ नैनीताल सहित यहां के अन्य पर्यटक स्थलों का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि राजभवन गोल्फ कोर्स का नैसर्गिक सौंदर्य अपने आप में अलग है। इसका नाम पूरी दुनिया में शामिल हो इसके लिए भी प्रयास किया जाएगा। देश के विभिन्न भागों से आए खिलाड़ी गोल्फ खेलने के साथ उत्तराखंड की नैसर्गिक सुंदरता और यहां के पर्यटन स्थलों के साथ-साथ जैव विविधता का भी लुत्फ उठा सकेंगे।